गृह मंत्री अमित शाह के करनाल दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट।
निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने कार्यक्रम स्थल और पदयात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां।

सफाई, सडक़ मरम्मत, पार्किंग, बिजली और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर, तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश।

करनाल 30 अक्टूबर, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 5 नवंबर को प्रस्तावित करनाल दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन तथा शहर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त करनाल द्वारा नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। इसी कड़ी में निगमायुक्त ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में कमेटी के सदस्यों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी क्षमता एवं संसाधनों का उपयोग करते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

सभी व्यवस्थाएं समय रहते करें पूरी।
बैठक में निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी, वीआईपी तथा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल और निर्धारित यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने जिम्मे के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करे। कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

कार्यक्रम स्थल और पदयात्रा मार्ग का किया निरीक्षण।
बैठक के बाद निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ सेक्टर-12 स्थित गोल्डन मूमेंट्स बैंक्वेट हॉल के नजदीक कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

इसके बाद निगमायुक्त ने लघु सचिवालय सडक़ तथा निर्मल कुटिया चौक से राष्टï्रपिता महात्मा गांधी चौक तक सडक़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्यों की जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्देश दिए कि सडक़, सफाई, बिजली, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
साफ-सफाई, हरियाली और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।
उन्होंने नगर निगम और एचएसवीपी के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल तथा संबंधित मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज और आस-पास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। पेड़ों की आवश्यक ट्रिमिंग करवाई जाए तथा फुटपाथों और सेंट्रल वर्ज का उचित रख-रखाव किया जाए, ताकि शहर का सौंदर्यीकरण बेहतर हो और आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने वीवीआईपी, वीआईपी और आमजन के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों की लेवलिंग करवाई जाए तथा वहां वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के लिए पर्याप्त एवं सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सडक़ों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान।
निगमायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पदयात्रा से संबंधित सभी सडक़ों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार उचित पैचवर्क करवाया जाए। सडक़ों की स्थिति बेहतर होनी चाहिए और कहीं भी गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से आवागमन में बाधा न बनें। संबंधित विभाग अपने अधीन आने वाले मार्गों की स्थिति की जांच कर समय रहते आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।
उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसाती पानी की निकासी के लिए बने नालों की सफाई करवाई जाए और नालों पर लगी सभी स्लैब पूरी तरह सुरक्षित एवं ढकी हुई होनी चाहिए। कहीं भी स्लैब खुली न रहे, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की मौके पर जांच करने के भी निर्देश दिए।
बिजली की तारों के जंजाल को हटाने के निर्देश।

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित यात्रा मार्गों पर बिजली की तारों को व्यवस्थित किया जाए। जहां तारें नीचे लटक रही हैं या अव्यवस्थित हैं, वहां आवश्यक सुधार करवाया जाए तथा तारों के जंजाल को हटाकर मार्गों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की समय रहते जांच की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
एसडीएम करेंगे प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा।
निगमायुक्त ने उपमंडलाधीश (नागरिक) को निर्देश दिए कि वे तैयारियों से संबंधित सभी कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करें और संबंधित विभागों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें। इसके साथ ही निर्धारित यात्रा मार्गों एवं कार्यक्रम स्थल का रोजाना निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। यदि किसी विभाग का कार्य अधूरा मिलता है या किसी स्तर पर समस्या सामने आती है, तो उसका तत्काल समाधान करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें तथा आपसी तालमेल के साथ काम करें। प्रत्येक कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना अनिवार्य है, ताकि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो सकें।
बैठक में उपमंडलाधीश (नागरिक) देवेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता, नगर निगम की कार्यकारी अभियंता सहित लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर), उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता उपस्थित रहे।


