– मनप्रियम ने सीयूईटी (पीजी) में चौथी ऑल इंडिया रैंक हासिल की है
– मनप्रियम ने आइआइटी जैम परीक्षा में भी 45वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की है

लखनऊ (नागेंद्र सिंह चौहान)। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र मनप्रियम ने एक बार फिर अपनी मेधा का परचम फहराते हुए राजधानी का मान बढ़ाया है। उन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (पीजी) में चौथी आल इंडिया रैंक हासिल की है। पिछले महीने मनप्रियम ने आइआइटी जैम (ज्वाइंट एडमिशन टेस्ट फार मास्टर्स) परीक्षा में 45वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की थी।
मेधावी छात्र मनप्रियम लखनऊ विश्वविद्यालय में बी.एससी. छठे सेमेस्टर के छात्र हैं। मनप्रियम ने गणित विषय में सीयूईटी (पीजी) की परीक्षा दी थी। शुक्रवार को देर शाम को सीयूईटी (पीजी) का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें उन्होंने 300 में 259 अंक अर्जित कर चौथी आल इंडिया रैंक हासिल की है। एनटीए द्वारा जारी टॉप फाइव की सूची में चौथे स्थान पर उनका नाम है।
मनप्रियम का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर की दोनों ही परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता के बाद गणित की उत्कृष्ट उच्च शिक्षा और शोध के लिए देश के शीर्ष शिक्षा संस्थानों में दाखिले का अवसर मिला है। मनप्रियम ने स्व-अध्ययन से यह सफलताएँ प्राप्त की हैं।
मनप्रियम के साहित्यकार एवं किसान पिता यदुनाथ सिंह मुरारी लखीमपुर-खीरी जनपद के मूल निवासी है। वह विगत कई वर्षों से राजधानी के कानपुर रोड स्थित हिन्दनगर में सपरिवार रह रहे हैं।
मनप्रियम की गृहणी माता पंखुड़ी सिंह अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व कर रही हैं। वहीं, मनप्रियम को समाजसेवी नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान, भाजपा नेता दिवाकर सिंह चौहान व पत्रकार अनिल श्रीवास्तव सहित कई शिक्षकों एवं सहपाठियों ने बधाई दी है।
.

