डेस्क:मध्य प्रदेश के खंडवा (Khandwa mp) में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध फैक्ट्री (illegal factory) का भंडाफोड़ किया है। यहां कथित तौर पर पशुओं की चर्बी से घी और आइसक्रीम बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। संयुक्त टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में नकली घी और पशु अवशेष (animal remains) बरामद किए हैं, साथ ही संचालक अनवर कुरैशी को हिरासत में लिया गया है।
संयुक्त टीम की दबिश, खुलते गए चौंकाने वाले राज
सूचना के आधार पर सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम, खाद्य विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मोघट थाना क्षेत्र के इमलीपुरा वार्ड स्थित बेगम पार्क के पास छापा मारा। कार्रवाई के दौरान संकरी गलियों में बने कई कमरों से लगातार संदिग्ध सामग्री मिलती गई, जिससे अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क का संकेत मिला।
79 टीन घी और 9 ड्रम बरामद
छापेमारी में 79 टीन के कनस्तरों और 9 नीले ड्रमों में भरा कथित नकली घी बरामद किया गया। इसके अलावा बोरे भरकर पशुओं के अवशेष, खाल, हड्डियां और चर्बी भी मिली। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इनसे घी बनाकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
फैक्ट्री सील, सैंपल जांच के लिए भेजे
प्रशासन ने मौके से बरामद सभी सामग्री जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया है। खाद्य और पशु चिकित्सा विभाग ने सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस्तेमाल की गई सामग्री किस प्रकार की थी।
स्वास्थ्य से खिलवाड़, सख्त कार्रवाई के संकेत
अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मामले में जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

