डेस्क: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 103 रन से हराकर आईपीएल (IPL) इतिहास में उनकी सबसे बड़ी हार (Biggest Defeat) थमा दी. वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार (23 अप्रैल) खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई ने हर विभाग में मुंबई को पूरी तरह मात दी. भारत (India) के टी20 वर्ल्ड कप विजेता स्टार संजू सैमसन ने शानदार वापसी करते हुए नाबाद 101 रन बनाए. यह उनका आईपीएल करियर का पांचवां शतक और चेन्नई के लिए चार पारियों में दूसरा शतक रहा. उनकी 54 गेंदों की पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे.
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 207/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. सैमसन ने एक छोर संभाले रखा, जबकि दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे. ऋतुराज गायकवाड़़ (22) और डेवाल्ड ब्रेविस (21) ने अहम योगदान दिया. मुंबई के लिए अश्विनी कुमार और अल्लाह गजनफर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1/31 का आंकड़ा दर्ज किया.
रनचेज में मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. अंततः पूरी टीम 19 ओवर में 104 रन पर सिमट गई. मुंबई के लिए तिलक वर्मा (37) और सूर्यकुमार यादव (35) ही दोहरे अंक में पहुंच सके, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके.
चेन्नई की ओर से गेंदबाजी में अकील हुसैन ने 4/17 के शानदार आंकड़े दर्ज किए, जो इस सीजन में उनका तीसरा मैच था. वहीं नूर अहमद ने 2/23 लेकर उनका बखूबी साथ निभाया. दोनों स्पिनरों की जोड़ी ने मुंबई की बल्लेबाजी को पूरी तरह जकड़ लिया. यह जीत चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद अहम रही, क्योंकि टीम पिछला मुकाबला सनराइजर्स हैदरबाद के खिलाफ हार गई थी और इस मैच के साथ उन्होंने जोरदार वापसी की.
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली करारी हार के बाद साफ तौर पर अपनी टीम की बल्लेबाजी, खासकर पावरप्ले को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने किसी भी तरह की पिच या परिस्थितियों को दोष देने से इनकार कर दिया.
हार्दिक ने मैच के बाद कहा कि शुरुआती ओवरों में विकेट गंवाना टीम के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुआ. उनके मुताबिक- पावरप्ले में जल्दी विकेट गिरने के बाद आप हमेशा मैच में पीछे हो जाते हैं. हम उस दबाव से उबर नहीं सके.
पिच को लेकर सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि ट्रैक में कोई बदलाव नहीं था और चेन्नई ने उसी विकेट पर बेहतर बल्लेबाजी की. उन्होंने माना कि 207 रन का स्कोर बड़ा था और उसे हासिल करने के लिए टीम को मजबूत शुरुआत की जरूरत थी, जो नहीं मिल सकी.
स्पिनरों के प्रदर्शन पर बात करते हुए हार्दिक ने कहा कि उनके गेंदबाजों ने भी अच्छा किया, लेकिन संजू सैमसन की पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने यह भी माना कि चेन्नई के बाकी बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान देकर स्कोर को और मजबूत बना दिया.
गायकवाड़ ने जीत मुकेश चौधरी को समर्पित की
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने इस जीत को मुकेश चौधरी को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि टीम का हर खिलाड़ी उनके लिए खेलना चाहता था और यही टीम की ऊर्जा का बड़ा कारण बना. गायकवाड़ ने यह भी खुलासा किया कि उनकी और सैमसन की शुरुआत से ही बल्लेबाजी करने की सोच थी, क्योंकि पिच पर गेंद आसानी से नहीं आ रही थी. उन्होंने कहा कि टीम के हर खिलाड़ी ने छोटी-छोटी पारियों से योगदान दिया, जबकि समसन की शानदार पारी ने मैच को पूरी तरह CSK के पक्ष में झुका दिया.
आगे की रणनीति पर हार्दिक ने संकेत दिया कि टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव पर चर्चा हो सकती है. उन्होंने कहा कि अगले मैच से पहले टीम के पास कुछ दिन हैं और वे बैठकर तय करेंगे कि आगे क्या बेहतर किया जा सकता है.

