दरभंगा

+2 बी.के.डी. हाई स्कूल (जिला स्कूल) में ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ का शुभारंभ

27 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा एक माह का अभियान, चार चरणों में नशामुक्ति के प्रति किया जाएगा जागरूक

 

विद्यार्थियों एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से उद्घाटन समारोह में लिया भाग

दरभंगा, 27 अक्टूबर 2026 :- बिहार सरकार द्वारा संचालित एक माह के *‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’* का पटना स्थित अधिवेशन भवन में माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के अध्यक्षता में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

उक्त कार्यक्रम का दरभंगा जिला में जिला स्तर पर लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से +2 बी.के.डी. हाई स्कूल (जिला स्कूल), दरभंगा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

 

कार्यक्रम में एसपी ग्रामीण सुश्री साक्षी कुमारी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, उपायुक्त मद्यनिषेध श्री दीनबंधु तथा सहायक आयुक्त मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

 

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मुख्य अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया।

 

*कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों एवं पदाधिकारी द्वारा नशा मुक्ति के प्रति सामूहिक शपथ लिया गया।*

 

*चार चरणों में चलेगा जागरूकता अभियान*

 

27 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चार चरणों में विभाजित किया गया है।

 

*प्रथम चरण (27 से 31 अक्टूबर) – ‘नगर की प्रतिज्ञा’*

 

इस चरण में नगर निगम क्षेत्र, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीवार लेखन, स्लोगन, पोस्टर, नुक्कड़ नाटक और सेल्फी पॉइंट के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया जाएगा। साथ ही एलईडी वैन के माध्यम से ऑडियो जिंगल्स का प्रसारण कर आमजन को जागरूक किया जाएगा।

 

*द्वितीय चरण (01 से 07 नवंबर) – ‘गांव का संकल्प’*

 

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय तथा जीविका दीदियों के सहयोग से नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। इस दौरान एक समर्पित जीविका दीदी को ‘नशामुक्ति मित्र’ के रूप में चयनित कर अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

*तृतीय चरण (08 से 16 नवंबर) – ‘पर्व और परिवार’*

 

महापर्व छठ के अवसर पर जिले के प्रमुख छठ घाटों पर बैनर एवं पोस्टर लगाकर लोगों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त एलईडी वैन के माध्यम से सेलिब्रिटी संदेशों एवं ऑडियो जिंगल्स का प्रसारण किया जाएगा।

 

*चतुर्थ चरण (17 से 25 नवंबर) – ‘युवा जोश’*

 

इस चरण में सभी शिक्षण संस्थानों में निबंध, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा ली गई नशामुक्ति शपथ को पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। साथ ही प्रमुख विद्यालयों में नशामुक्ति विषय पर आधारित लघु फिल्म एवं डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा।

 

*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित अभियान समिति करेगी निगरानी*

 

अभियान के सफल संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अभियान समिति का गठन किया गया है। अभियान की प्रगति की समीक्षा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए पूरे माह प्रत्येक सप्ताह समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

 

इस अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *