डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता (Kolkata) में एक हृदय रोग विशेषज्ञ (Cardiologist) के अनोखे ऑफर ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. पी.के. हाजरा (Dr. P.K. Hazra) ने घोषणा की है कि जो मरीज उनके क्लिनिक में आकर ‘जय श्री राम’ (Jai Shri Ram) कहेगा, उसे कंसल्टेशन फीस में 500 रुपये की छूट दी जाएगी।
डॉ. हाजरा ने यह ऑफर दक्षिण कोलकाता स्थित अपने निजी क्लिनिक तक सीमित रखा है। उन्होंने अपने क्लिनिक के बाहर एक पोस्टर भी लगाया है, जिसमें वह भारतीय जनता पार्टी का दुपट्टा पहने नजर आ रहे हैं। यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
‘राजनीतिक बदलाव’ से जोड़ा फैसला
डॉ. हाजरा के मुताबिक, यह पहल राज्य में ‘बदलाव’ की सोच से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर के तौर पर उन्हें यह देखकर दुख होता है कि पश्चिम बंगाल के मरीज इलाज के लिए अन्य राज्यों में जाते हैं, जबकि बाहर से लोग कम आते हैं। उन्होंने इसे बदलने की जरूरत बताते हुए कहा कि दूसरे राज्यों के विकास मॉडल से प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें अपने गृह क्षेत्र पिंगला से चुनाव टिकट मिलने की उम्मीद थी। हालांकि टिकट न मिलने के बाद उन्होंने इस तरीके से लोगों को बदलाव के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया।
टीएमसी ने किया विरोध
इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. निर्मल माझी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. हाजरा निजी हितों के लिए राजनीतिक पक्ष ले रहे हैं और इस तरह के कदम से जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
भाजपा ने किया समर्थन
वहीं भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास स्वास्थ्य व्यवस्था में बदलाव की दिशा में प्रेरणा बन सकते हैं।
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। ऐसे में यह मामला चुनावी माहौल को और गर्माने वाला साबित हो रहा है।

