स्थानीय

दरभंगा : महात्मा गांधी की प्रतिमा लंबे समय से क्षतिग्रस्त, वैश्य सूड़ी समाज महासंघ ने जिलाधिकारी से की मरम्मत की मांग

दरभंगा (नासिर हुसैन)। लहेरियासराय टावर चौक स्थित गांधी स्मारक स्तम्भ का निर्माण वैश्य रत्न स्व. अशर्फी महासेठ द्वारा कराया गया था। लेकिन, वर्तमान में यह स्तंभ क्षतिग्रस्त अवस्था में है। इस संबंध में वैश्य सूड़ी समाज महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक नायक ने जिलाधिकारी राजीव रौशन से मिलकर आवेदन दिया है। यह जानकारी देते हुए अशोक नायक ने बताया कि दरभंगा जिला प्रशासन द्वारा 18 वर्षों से 2 अक्टूबर, 30 जनवरी, 15 अगस्त एवं 26 जनवरी को महात्मा गांधी की खंडित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिमा का दायां पैर नहीं है। यह महात्मा गांधी का घोर अपमान है। उन्होंने जिला प्रशासन से अविलंब महात्मा गांधी की खंडित प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। नायक ने बताया कि प्रतिमा की साफ-सफाई की भी व्यवस्था नहीं है, इसके आसपास गंदगी फैली रहती है। प्रतिमा के ऊपर से गलत ढंग से बिजली के कई तार गुजर रहे हैं। गांधी स्मारक की व्यवस्था, देखरेख और साफ-सफाई के लिए एक कमिटी बनाने हेतु जिला प्रशासन को सदस्यों की सूची भी दी गई थी, लेकिन आज तक कमिटी नहीं बनाई गई। नायक ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से इस संबंध में जल्द पहल करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *