अन्य

6 करोड़ 39 लाख से निर्मित 69 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का जल्द होगा लोकार्पण,  कोशी क्षेत्र के लोगों को पुल पुलिए के क्षेत्र में बनाया जा रहा आत्मनिर्भर : डा गोपाल जी ठाकुर

दरभंगा। आजादी के समय से ही कोशी जैसे भौगोलिक तथा प्राकृतिक रूप से दुरूह तथा दुर्गम क्षेत्र में आवागमन की सुविधा के साथ हर आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराना एक प्रकार से चुनौती ही मानी जाती थी लेकिन 2019 में लोकसभा क्षेत्र से पहली बार सांसद निर्वाचित होने के बाद इस चुनौती को स्वीकार कर हमने इस दुरूह कार्य को अवसर के रूप में स्थापित करने की पहल शुरू की जिसका परिणाम है कि आज सड़कों पुल पुलियों के मामले में कोशी का यह पिछड़ा क्षेत्र आत्म निर्भर बन रहा है। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने संसदीय क्षेत्र के ग़ौराबौराम विधानसभा के कीरतपुर प्रखंड के 6 करोड़ 39 लाख रुपए से बनकर तैयार कोशी बांध मुशहरिया से झगरुआ कदवा के बीच लगभग 69 मीटर लंबे पुल का निरीक्षण करने के बाद उपरोक्त बातें कही। ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी, अभियंता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज -3 से निर्मित इस पुल का जायजा लेने के बाद बताया कि यह हाई लेबल पुल बनकर तैयार हो चुका है। पुल के दोनों तरफ अप्रोच बनाने का काम भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा जिसके बाद इसके लोकार्पण कर आवागमन के लिए आमजनों को सुपुर्द किया जाएगा। मौके पर उपस्थित आमजनो से निर्माणाधीन विकासात्मक परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए कहा पूरे लोकसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। यहां सड़कों के साथ साथ पुल पुलिये का बिछ रहा जाल इसका ज्वलंत उदाहरण है। सांसद ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, एनडीए कार्यकर्ताओं के बीच संसदीय क्षेत्र में की जा रही विकास कार्यों, योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा ग़ौराबौराम प्रखंड में बौराम घाट पर कमला बलान नदी से बलान पूर्वी बांध तथा पश्चिमी बांध के बीच लगभग पचास करोड़ की लागत से तीन हाई लेबल पुलों का भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है जबकि कोशी नदी में मुशहरिया पकड़िया में लगभग सत्तर करोड़ की लागत से तीन दर्जन से अधिक उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसके तैयार हो जाने से सड़कों तथा पुल पुलिए के मामले में इस क्षेत्र की चर्चा विकसित क्षेत्र के रूप में की जाएगी। मौके पर ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष विनय पासवान सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *