पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों को दो से तीन दिनों के अंदर निष्पादन करने का डीएम ने दिया निर्देश
कायाकल्प के तहत स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं संबंधित विभाग
दरभंगा, 12 अक्टूबर 2026 :- जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक, जनकल्याणकारी एवं राजस्व संबंधी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कायाकल्प के अंतर्गत ली गई योजनाओं की समीक्षा करते हुए शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को सभी योजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा संबंधित पदाधिकारी नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के क्रम में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा बताया गया कि जिले में विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित लगभग 4,000 आवेदन लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों की जांच एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए अगले दो से तीन दिनों के अंदर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि बहादुरपुर, जाले, सिंहवाड़ा एवं किरतपुर सहित अन्य प्रखंडों में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि का सीमांकन किया जाना लंबित है।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संबंधित स्थलों पर भूमि की पहचान एवं सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें, ताकि सामुदायिक भवन निर्माण से संबंधित आगे की कार्रवाई समय पर की जा सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त राजस्व विभाग से संबंधित लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री रोहित कुमार को सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया, ताकि आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें और आपसी समन्वय के साथ कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री रोहित कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
वहीं, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


