
दरभंगा। सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने बिहार के राज्यपाल महामहिम सैयद अता हसनैन ने पटना स्थित राजभवन में भेंटकर दरभंगा में पटना हाई कोर्ट बेंच की स्थापना, दरभंगा स्थित दोनों विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा, डब्लूआईटी दरभंगा को केंद्र सरकार से संचालित किया जाना , दूरस्थ शिक्षा केंद्र के माध्यम से फिर से पठन पाठन शुरू किए जाने सहित एक दर्जन मुद्दों से संबंधित आग्रह पत्र सौंप कर पहल करने का आग्रह किया। मौके पर सांसद डा ठाकुर ने महामहिम राज्यपाल को मिथिला पेंटिंग तथा पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित भी किया। सांसद डा ठाकुर ने दरभंगा में पटना हाई कोर्ट बेंच की स्थापना के लिए महामहिम राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अपने पत्र में लिखा है कि तिरहुत, कोशी क्षेत्र के साथ साथ उत्तर बिहार के आठ करोड़ लोगों के लिए दरभंगा में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना होना आवश्यक है क्योंकि उत्तर बिहार के आठ करोड़ लोगों को हाई कोर्ट के न्यायिक कार्यों से पटना जाना पड़ता है। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों से अधिक दूरी रहने के कारण पटना जाने मे चार घंटे से लेकर छह सात घंटे की दूरी तय करनी पड़ती है जिससे कारण यहां के लोगों को समय के साथ साथ आर्थिक बोझ का भी सामना करना पड़ता है तथा भौगोलिक रूप से बिहार की राजधानी पटना की दूरी अधिक होने के कारण न्यायिक कार्यों के लिए पटना जाने में समय भी अधिक लगता है एवं संसाधन भी अधिक व्यय करना परता है इस दृष्टिकोण से दरभंगा में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना होना उत्तर बिहार के लोगों के लिए हर दृष्टि से अमृत समान साबित होगा। सांसद डा ठाकुर ने दरभंगा में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना के पक्ष मे महामहिम से चर्चा करते हुए कहा इस मुद्दे पर उन्होंने लोकसभा सत्र के दौरान केंद्रीय कानून मंत्री, अर्जुनराम मेघवाल के साथ विस्तार से चर्चा कर उनका ध्यान आकृष्ट कराया था। उन्हें भी जानकारी दी थी उत्तर बिहार के क्षेत्रों से न्यायिक मामलों की अधिक मात्रा में संख्या रहने, दरभंगा में जमीन सहित पर्याप्त रूप से न्यायिक और प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध रहने के कारण कम खर्चे में यहां बेंच का खुलना सुगम होगा, विवादों के कम समय में निपटारा होने से समाज में शांति व्यवस्था भी कायम रहेगी।
सांसद डा ठाकुर ने महामहिम राज्यपाल का ध्यान दरभंगा की मौलिक आवश्यकताओं के लिए ध्यान आकृष्ट कराते हुए लिखा है दरभंगा स्थित डा कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने, दरभंगा सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक को चालू किए जाने, डब्ल्यूआईटी दरभंगा का केंद्रीय सरकार से संचालित किए जाने, मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर शोध संस्थान के लिए केंद्र सरकार से अलग से राशि आवंटित किए जाने, मिथिला के पर्यटन स्थलों को जानकी सर्किट के रूप में स्थापित किए जाने की पहल करने, दरभंगा जिले के देहाती क्षेत्रों के महाविद्यालयों में बीएड की पढ़ाई शुरू किए जाने जैसे मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए लिखा है कि इन मुद्दों पर शीघ्र पहल शुरू कर केंद्र सरकार की मिथिला के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को धरातल पर तेजी से साकार किया जा सके।
सांसद डा ठाकुर ने अपने पत्र में महामहिम से दरभंगा में पटना हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की पहल को जनहित में सबसे आवश्यक बताया है