डेस्क:पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी संग्राम ने अब उबाल पकड़ लिया है और इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मेदिनीपुर की धरती से ऐसे वादों की बौछार की है जिसने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है। चुनावी मंच से दिए गए उनके छह बड़े ऐलान सीधे तौर पर सत्ता में बैठी तृणमूल सरकार पर तीखा हमला भी हैं और जनता को लुभाने की स्पष्ट रणनीति भी। हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री ने सबसे पहले बंगाल में फैले डर और अव्यवस्था के माहौल को निशाने पर लिया। उन्होंने साफ कहा कि यदि उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो भय का यह वातावरण खत्म कर विश्वास की स्थापना की जाएगी और कानून का राज मजबूत किया जाएगा। यह बयान केवल एक वादा नहीं बल्कि मौजूदा शासन व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने पर पूरा प्रशासन जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह होगा। यह संकेत साफ है कि वर्तमान व्यवस्था को वह गैर जिम्मेदार और जनता से कटे हुए रूप में पेश कर रहे हैं।
