अर्थ

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, कुछ ही सेकंड में निवेशकों के ₹4.24 लाख करोड़ स्वाहा

डेस्कः अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार पर दबाव बना दिया। शुरुआती कारोबार में लगभग सभी सेक्टर लाल निशान में कारोबार करते दिखे, जबकि मेटल सेक्टर में मामूली बढ़त रही।

इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स की बात करें तो BSE Sensex 698.96 अंक यानी 0.94% गिरकर 73,407.89 पर और Nifty 50 217.40 अंक यानी 0.95% टूटकर 22,750.85 पर कारोबार कर रहा है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 824 अंक तक फिसल गया था, जबकि निफ्टी भी 248 अंक तक लुढ़क गया था।

निवेशकों की ₹4.24 लाख करोड़ दौलत घटी

इस दौरान कुछ ही सेकंड में बीएसई में लिस्टेड कंपनियों की कुल वैल्यू 4.24 लाख करोड़ रुपए घट गई। निवेशकों को करीब 4 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो गया। 6 अप्रैल को BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4,27,51,243.57 करोड़ था। 7 अप्रैल को यह घटकर ₹4,23,27,220.10 करोड़ रह गया।

    गिरावट की बड़ी वजहें

1. अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त बयान दिए हैं, जिससे जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता और बढ़ गई है। इजराइल-ईरान के बीच जारी हमलों ने भी बाजार की चिंता बढ़ा दी है।
2. कच्चे तेल में उछाल
ब्रेंट क्रूड $111 प्रति बैरल और WTI $115 के करीब पहुंच गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य में सप्लाई बाधित होने की आशंका से कीमतों में तेजी बनी हुई है।
3. बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इक्विटी मार्केट पर दबाव बढ़ा।
4. FII की लगातार बिकवाली
विदेशी निवेशक लगातार 24 दिनों से बिकवाली कर रहे हैं। सिर्फ सोमवार को ही करीब ₹8,167 करोड़ की बिकवाली हुई।
5. प्रॉफिट बुकिंग
पिछले तीन दिनों में बाजार में करीब 3% की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे गिरावट तेज हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *