डेस्कः सोमवार को सोने-चांदी में गिरावट के बाद आज फिर दोनों में तेजी देखने को मिल रही है। MCX पर 7 अप्रैल को सोने का भाव 0.12 फीसदी उछलकर 1,50,159 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं चांदी की कीमत में 0.30 फीसदी की तेजी आई है, ये एक किलोग्राम 2,34,072 रुपए पर है। इंटरनेशनल मार्केट में सोने में गिरावट और चांदी में तेजी दर्ज की गई है।
<span;>दिल्ली में चांदी 5,000 रुपए चढ़ी
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने के कारण राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमतें 5,000 रुपए बढ़कर 2.42 लाख रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि सोना बढ़कर 1.53 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 5,000 रुपए, या 2.11 प्रतिशत बढ़कर 2,42,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई, जो शुक्रवार के बंद भाव 2,37,000 रुपए प्रति किलोग्राम से अधिक है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 2,300 रुपए, या 1.52 प्रतिशत बढ़कर 1,53,800 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। पिछले सत्र में यह 1,51,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। विश्लेषकों ने कहा कि कीमती धातुओं में हालिया गिरावट के बाद कीमतें घटने पर होने वाली लिवाली के कारण सर्राफा की कीमतों में सुधार आया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि सोमवार को सोने की कीमतों में सुधार आया, क्योंकि व्यापारियों ने सस्ते में लिवाली बढ़ा दी, इसे डॉलर में आई नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि कीमती धातुओं के पश्चिम एशिया में होने वाले भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रति संवेदनशील बने रहने की उम्मीद है, जो घरेलू बाजारों में बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
