अंतरराष्ट्रीय

Pakistan फंसा मुसीबत में : जंग के बीच UAE ने पाकिस्तान से मांगे अपने 2 अरब डॉलर

डेस्क: ईरान (Iran) के खिलाफ अमेरिका (US) और इजरायल (Israel) की जंग ने खाड़ी देशों (Gulf countries) की कमर तोड़ दी है. सऊदी, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे देशों की तेल-गैस सप्लाई रुक गई है और ईरान इन देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है. युद्ध के बीच अब यूएई ने पाकिस्तान (Pakistan) को दिए अपने अरबों डॉलर कर्ज की वसूली शुरू कर दी है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई ने पाकिस्तान से कहा है कि उसने उसे जो कर्ज दिया है, उसे तुरंत वापस लौटाया जाए. यूएई की इस मांग पर पाकिस्तान ने अरबों डॉलर का कर्ज लौटाने का फैसला किया है. पाकिस्तान इस महीने के अंत तक यूएई को 2 अरब डॉलर का कर्ज वापस करेगा.

पाकिस्तान के ब्रॉडकास्टर जियो न्यूज ने सूत्रों के आधार पर बताया, ‘ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध के बाद मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति को देखते हुए UAE ने हाल ही में अपने कर्ज को तत्काल वापस मांगा है.’

यह कर्ज पाकिस्तान के भुगतान संतुलन को सहारा देने के लिए दिया गया था और यह पैसा स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) में सुरक्षित जमा के रूप में रखा गया था. सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान इस राशि पर करीब 6 प्रतिशत ब्याज चुका रहा था.

पहले यूएई इस जमा राशि को हर साल रोलओवर कर देता था, लेकिन दिसंबर 2025 में इसे पहले एक महीने और फिर दो महीने के लिए बढ़ाया गया, जिसकी समयसीमा 17 अप्रैल तक थी.

चालू वित्त वर्ष के लिए पाकिस्तान को बाहरी जमा के रूप में लगभग 12 अरब डॉलर के रोलओवर की जरूरत थी, जिसमें सऊदी अरब से 5 अरब डॉलर, चीन से 4 अरब डॉलर और UAE से 3 अरब डॉलर शामिल हैं.

फिलहाल पाकिस्तान के पास 21 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी मुद्रा भंडार है और वो UAE का कर्ज चुकाने में सक्षम है. लेकिन आने वाले महीनों में उसे विदेशों से आर्थिक मदद की फिर से जरूरत पड़ सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *