नई दिल्ली : संसद सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने पितृत्व अवकाश (Paternity Leave) को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद पिता की भूमिका भी उतनी ही अहम होती है जितनी मां की, इसलिए उन्हें भी नवजात की देखभाल के लिए समय मिलना चाहिए।
राघव चड्ढा ने अपने संबोधन में जोर देते हुए कहा कि कई परिवारों में माताएं अकेले ही बच्चों की जिम्मेदारी उठाती हैं, जो कि संतुलित पारिवारिक व्यवस्था के लिए सही नहीं है। उन्होंने पितृत्व अवकाश को कानूनी मान्यता देने की मांग की।
इस मुद्दे पर उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए भावुक प्रतिक्रिया दी। परिणीति ने कहा कि उन्होंने राघव को एक सांसद के साथ-साथ एक जिम्मेदार पिता के रूप में बोलते देखा, जो उनके लिए गर्व की बात है।
परिणीति ने अपने पोस्ट में उन महिलाओं का भी जिक्र किया जो बिना सहयोग के बच्चों की परवरिश करती हैं। उन्होंने लिखा कि राघव ने संसद में ऐसी माताओं की ‘तन्हाई’ को आवाज दी और इस अहम मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।
गौरतलब है कि परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने साल 2023 में शादी की थी और अक्टूबर 2025 में अपने पहले बच्चे का स्वागत किया।
भारत में जहां मातृत्व अवकाश को कानूनी मान्यता मिली हुई है, वहीं पितृत्व अवकाश को लेकर स्पष्ट नीति अब तक नहीं बन पाई है। ऐसे में इस विषय पर संसद में उठी बहस को एक सकारात्मक और जरूरी पहल के रूप में देखा जा रहा है।
आशुतोष झा
