डेस्क: पश्चिम एशिया (West Asia) में एक महीने से ज्यादा समय से चल रहे संघर्ष में हालात अब विस्फोटक (Explosive) और बेकाबू हो चुके हैं। इस्राइल (Israel) और अमेरिका (US) का ईरान (Iran) के साथ जारी भीषण टकराव अब अपने 33वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात ज्यादा खतरनाक रूप ले चुका है। मिसाइलों की बारिश और लगातार धमाकों ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है। यह युद्ध अब सीमाओं को तोड़कर वैश्विक खतरा बन गया है, जहां हर पल विनाश और अनिश्चितता का साया गहराता जा रहा है।
ईरान में एक और स्टील प्लांट पर हमला
ईरान के इस्फहान के पास एक और स्टील प्लांट पर हमला हुआ है। फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बोर्जुन इलाके में स्थित सेफीदाश्त स्टील प्लांट को निशाना बनाया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बचाव दल मौके पर पहुंच गया है और स्थिति की जांच कर रहा है।
बेरूत के पास इस्राइली हमले में 2 लोगों की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राजधानी बेरूत के पास खालदे इलाके में इस्राइल ने एक कार पर हवाई हमला किया। इस हमले में 2 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
ट्रंप बोले- अमेरिका का ईरान में शासन बदलना लक्ष्य नहीं था
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस से दिए बयान में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का ईरान पर सैन्य कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य परमाणु हथियार न बनने देना था। ट्रंप ने कहा कि यह लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। उनके पास अब परमाणु हथियार नहीं हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका का उद्देश्य ईरान में शासन बदलना नहीं था। ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा कि ईरान में शासन पहले ही बदल चुका है।
हिजबुल्ला ने इस्राइल के ठिकानों पर किए नए हमले का दावा
लेबनानी संगठन हिजबुल्ला ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने बेरिया बेस पर रॉकेट से हमला किया। संगठन ने कहा कि यह हमला सफद के उत्तर में स्थित बेस को निशाना बनाने के लिए किया गया। हिजबुल्ला ने यह भी बताया कि उसने उत्तर इस्राइल में हवाई निगरानी और संचालन प्रबंधन के लिए इस्तेमाल होने वाले मेरॉन बेस को भी निशाना बनाया।
ईरान के खिलाफ अभियान अभी खत्म नहीं: नेतन्याहू का बड़ा बयान
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चल रहा अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक उनके लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते।नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर चलाए जा रहे इस अभियान को एक महीना हो चुका है और इस दौरान उन्होंने आतंक फैलाने वाले तंत्र को काफी कमजोर कर दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस अभियान से ईरान की सत्ता हिल गई है और अब वह पहले जैसी मजबूत नहीं रही। नेतन्याहू के मुताबिक हमने इस व्यवस्था को झकझोर दिया है और देर-सवेर यह गिर जाएगी। इस्राइल के प्रधानमंत्री के इस बयान से साफ है कि क्षेत्र में तनाव अभी कम होने वाला नहीं है और आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ईरान बोला- युद्ध खत्म करने की इच्छा, लेकिन चाहिए गारंटी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि उनका देश युद्ध खत्म करना चाहता है। लेकिन इसके लिए जरूरी शर्तें पूरी होनी चाहिए, खासकर यह भरोसा कि आगे फिर ऐसा हमला नहीं होगा। उन्होंने यह बात यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से फोन पर बातचीत में कही।
लेबनान में इस्राइल के हवाई हमले, ड्रोन हमले का जवाब देने का दावा
इस्राइल ने लेबनान के शमशतार में दो हवाई हमले किए। इस्राइली सेना के प्रवक्ता ने दावा किया कि उनके सैनिकों पर ड्रोन हमला हुआ था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में हमलावरों को मार गिराया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
