
दरभंगा। दरभंगा जिला रामनवमी समिति का चुनाव रविवार की देर रात संपन्न हुई। अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष पद पर 72 झांकी/ अखाड़ा/ कीर्तन मंडली के अध्यक्ष और सचिव में से 112 मतदाता बने, जिसमें 94 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद पर अजय कुमार जालान निर्वाचित हुए। उन्हें 51 मत मिला। जबकी उनके विरुद्ध चुनाव लड़नेवाले सुजीत मल्लिक को 41 मत प्राप्त हुआ। 10 वोट से अजय कुमार जालान निर्वाचित घोषित किए गए। महासचिव पद पर मनीष जयसवाल, अंकुर गुप्ता और अरुण महासेठ ने नामांकन किया। तीन प्रत्याशी में सबसे अधिक 52 मत प्राप्त कर मनीष जायसवाल निर्वाचित हुए। अंकुर गुप्ता को 34 मत और अरुण महासेठ को मात्र 4 वोट मिला। उपाध्यक्ष पद पर मतदाता को दो प्रत्याशी को वोट देना था। कुल 4 प्रत्याशी में सर्वाधिक मुकेश महासेठ को 64 मत मिला, दूसरे उपाध्यक्ष सुनील राय 45 मत लाकर विजय हुए। डॉ रमेश प्रसाद 43 और सचिन राम 23 मत पाकर दौर से बाहर हो गए। सचिव पद हेतु सुरक्षित दो पद हेतु 5 प्रत्याशी हुए ,जिनमें सबसे अधिक विशाल कुमार साह को 49 और अमर सहनी को 41 वोट मिला। ये दोनों निर्वाचित हुए। सचिन कुमार जैन 33 मत, अरुण कुमार शर्मा 25 मत तथा मिथिलेश सहनी 23 मत पाकर दौर से बाहर रहे। कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए 5 प्रत्याशी मैदान में थे। सर्वाधिक 36 मत पाकर राजेश कुमार चौधरी निर्वाचित हुए। विकास कुमार 23 मत, श्रवण महतो 18 मत श्रीकांत कुमार 13 मत लाकर बाहर हुए। एक प्रत्याशी जयकिशुन राउत को एक मत भी नहीं मिला इस पर प्रत्याशी सहित उनके कई समर्थकों ने हंगामा किया। हालांकि निर्वाचन कार्य से जुड़े लोगों का कहना था कि चार मत रद्द हुआ है। दरभंगा जिला रामनवमी समिति वर्ष 2000 ई से कार्यरत है। इससे पूर्व सर्वसम्मति से पदाधिकारी का चयन हुआ करता था। इसी क्रम में विगत बुधवार को पोद्दार धर्मशाला में आयोजित बैठक में काफी हंगामा हुआ। किसी पद पर आम सहमति नहीं बन सकी। हंगामा के बीच अध्यक्ष अजय कुमार जालान एवं महासचिव मनीष जयसवाल ने अपना इस्तीफा सौंप दिया था। नई कमिटी पर सहमति नहीं बनने के कारण इसे विधिवत चुनाव हेतु संरक्षक नवीन सिन्हा को उपस्थित सदस्यों ने जिम्मेदारी दी। संरक्षक सह वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा ने इस हेतु वर्ष 2025 सत्र के संरक्षक सह विधायक,संजय सरावगी, अमरनाथ गामी, अर्जुन सहनी, नारद यादव, श्याम किशोर प्रधान, ओम प्रकाश खेडिया, अजय महतो, राम मनोहर प्रसाद , कार्तिकेय कुमार से समतुल्य सहयोग हेतु पत्र निर्गत कर चुनाव हेतु मा श्यामा मंदिर स्थल का चयन किया। इसमें संरक्षक में श्याम किशोर प्रधान, नारद यादव, राम मनोहर प्रसाद ही आए। चुनाव प्रक्रिया में सबसे पहले सभी अखाड़ा के अध्यक्ष एवं सचिव को मतदाता बनाया गया। कुल 112 मतदाता बने, जिनका सत्यापन करने के उपरांत प्रत्याशी को नामांकन पत्र दिया गया। सभी पद के लिए कुल 19 प्रत्याशी हुए। सभी नामांकन की संविक्षा के बाद नाम वापसी के लिए 15 मिनट का समय दिया गया।लेकिन किन्हीं ने नाम वापस नहीं लिया। अंततः सभी 5 पदों के लिए 7 पदाधिकारी के निर्वाचन हेतु मतपत्र माध्यम से कतार लगाकर मतदान कराया गया। देर शाम प्रारंभ मतदान रात्रि साढ़े आठ बजे तक चला। इसके बाद मतपेटी सभी के समक्ष खोलकर पारदर्शिता के तहत मतगणना की गई, जो साढ़े दस बजे समाप्त हुआ। इससे पूर्व एस एस पी के आदेश पर दो दर्जन पुलिसकर्मी की तैनाती की गई थी। कई बार हंगामा की कोशिश हुई, जिसे उपस्थिति पुलिस बल ने नाकाम कर दिया। चुनाव प्रभारी के रूप में नवीन सिन्हा के अलावा श्याम किशोर प्रधान, नारद यादव, राम मनोहर प्रसाद ,जो सत्र 2025 के संरक्षक थे, के अलावा स्वतंत्र रूप से रीता सिंह के साथ सहायक रूप में धनंजय कुमार, शशि नीलू, राकेश दास, सपना भारती, मीना झा ने योगदान दिया। संरक्षक नवीन सिन्हा ने बताया आगे इसमें और सुधार किया जाएगा। अभी रामनवमी में मात्र एक सप्ताह था, इस हेतु समिति गठन आवश्यक था। मतदाता बनाने हेतु समिति के सत्यापन के लिए विगत वर्ष का थाना द्वारा निर्गत लाइसेंस/ जिला रामनवमी समिति द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र/ स्थानीय समिति के चुनाव की छाया प्रति को आधार बनाया गया। जहां इस वर्ष हेतु स्थानीय समिति के अध्यक्ष और सचिव का चयन नहीं हुआ है, वहा पिछले वर्ष के अध्यक्ष एवं सचिव को मतदाता बनाया गया।