डेस्क:भारत की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है, जिसने न केवल देश की सीमाओं बल्कि पूरे क्षेत्रीय संतुलन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा की गई कार्रवाई में छह यूक्रेनी और एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने, मिजोरम के प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध प्रवेश करने, म्यांमार सीमा पार कर वहां विद्रोही गुटों को प्रशिक्षण देने और यूरोप से ड्रोन की आपूर्ति कराने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। यह मामला साधारण गिरफ्तारी नहीं है, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क के उजागर होने का संकेत देता है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह पूरा गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसका उद्देश्य भारत की आंतरिक सुरक्षा को कमजोर करना था। गिरफ्तार आरोपियों में अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैन डाइक को इस नेटवर्क का सरगना बताया जा रहा है, जबकि छह यूक्रेनी नागरिक उसके सहयोगी के रूप में काम कर रहे थे।
