
दरभंगा। लोकसभा में रेल अनुदान के मांगों के समर्थन में हुई चर्चा में दरभंगा के भाजपा सांसद सह लोकसभा में पार्टी सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में माननीय वित्त मंत्री, निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट में रेल मंत्रालय के लिए 2.93 लाख करोड़ के प्रावधानों पर अनुदान मांगो पर विस्तार से चर्चा की। इस बजट में दरभंगा सहित पूरे बिहार राज्य के लिए 10 हजार 379 करोड़ के बजट के आवंटन के लिए सांसद डा ठाकुर ने सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। बिहारवासियों की ओर से धन्यवाद दिया। सीएम रमेश की अध्यक्षता में आयोजित रेलवे स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य के रूप में भाग लेकर दरभंगा में निर्माणाधीन रेलवे परियोजनाओं तथा प्रस्तावित नई योजनाओं की शीघ्र मंजूरी दिए जाने की मांग की। श्री ठाकुर ने लोकसभा में रेलवे अनुदान पर हुई चर्चा में सरकार की रेलवे संबंधित नीतियों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली -वाराणसी, वाराणसी- सिल्लीगुड़ी सहित 7 अन्य हाई स्पीड रेल कोरिडोर निर्माण की घोषणा तथा बिहार में पहली बुलेट ट्रेन वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक परिचालन को देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ये इस बात के प्रमाण है कि भारतीय रेल नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सांसद डा ठाकुर ने दरभंगा स्टेशन का 340 करोड़ की लागत से हो रहे आधुनिकीकरण, लहेरियासराय स्टेशन पर लगभग 6 करोड़ 16 लाख की लागत से बने लो कॉस्ट आरओबी का निर्माण,दरभंगा- सीतामढ़ी- रक्सौल- नरकटियागंज एवं मुजफ्फरपुर- सीतामढ़ी रेलखंड का 255 किलोमीटर रेल लाइन का दोहरीकरण की स्वीकृति दरभंगा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत काकरघाटी एवं शीशो स्टेशन को रेलवे जक्शन का दर्जा जैसे मुद्दों पर सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार के कार्यकाल में 1934 के भूकंप में दो भागों में विभक्त मिथिला को 88 साल बाद कोशी नदी में 516 करोड़ की लागत से निर्मित रेल महासेतु के माध्यम से एकीकरण किया गया। 1974 में शिलान्यास किए गए सकरी हसनपुर रेल परियोजना को पूरा करने में तेजी आना तथा समस्तीपुर दरभंगा रेल लाईन के दोहरीकरण, विद्युतीकरण कार्य का होना इस बात का सबूत है कि मिथिला क्षेत्र में रेलवे के क्षेत्र में आजादी के बाद केंद्र की मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए है।
सांसद डा ठाकुर ने मंगलवार को रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन सीएम रमेश की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में दरभंगा के लिए महत्वपूर्ण नई परियोजनाओं की स्वीकृति तथा नये ट्रेनों के परिचालन शुरू किए जाने की जोरदार मांग करते हुए कहा दरभंगा से नई दिल्ली तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के परिचालन को शुरू किए जाने, लहेरियासराय से सहरसा तथा लहेरियासराय से मुजफ्फरपुर प्रस्तावित नई रेल लाइन के लिए शीघ्र सभी औपचारिकताओं को पूरा कर दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र के लिए वरदान साबित होने वाले इन मुद्दों पर ठोस पहल शुरू किया जाए।