डेस्क:गुना। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में ₹32.27 करोड़ लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें ₹16.86 करोड़ की लागत से जिला अस्पताल में निर्मित अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट और रेलवे स्टेशन तथा सकटपुर में ₹15.41 करोड़ की लागत से तैयार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुना के विकास को नई गति देने के लिए स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने गुना की जनता के साथ अपने पारिवारिक संबंध का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि विश्वास और भावनाओं का है।
