डेस्कः बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि हाल ही में हुए इजराइल के हमलों में ईरान के कई शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक मारे गए हैं। इजराइली प्रधानमंत्री ने गुरुवार रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े अहम ठिकानों और विशेषज्ञों को निशाना बनाया है। उनके मुताबिक इन हमलों का उद्देश्य ईरान की परमाणु क्षमताओं को कमजोर करना था।
ईरान के नए सुप्रीम लीडर पर भी साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेतन्याहू ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने खामेनेई को “रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का कठपुतली” बताया और कहा कि वह सार्वजनिक रूप से सामने भी नहीं आ सकते। नेतन्याहू के इस बयान को ईरान की राजनीतिक व्यवस्था पर सीधा हमला माना जा रहा है।
ईरान की जनता से भी की अपील
नेतन्याहू ने इस दौरान सीधे ईरान की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उनके देश के लिए “आजादी के नए रास्ते” का समय करीब आ रहा है। उन्होंने कहा कि इजराइल ईरान के लोगों के साथ खड़ा है और चाहता है कि वहां के नागरिक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ें।
“आखिरकार फैसला ईरान की जनता के हाथ में”
अपने संबोधन में नेतन्याहू ने कहा कि ईरान में बदलाव का फैसला अंततः वहां के लोगों को ही करना होगा। उन्होंने कहा, “दिन के आखिर में यह आप पर निर्भर करता है। फैसला आपके हाथ में है।” विश्लेषकों का मानना है कि नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मिडिल ईस्ट में इजराइल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव तेज हो गया है।
