डेस्क:हरियाणा के गुरुग्राम जिले में निर्माणाधीन दीवार के ढह जाने से सात मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना सोमवार शाम गुरुग्राम के सिधरावली इलाके में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी में हुई। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे दीवार ढहने से 12 से 15 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। उन्हें भिवाड़ी के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनमें से सात को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों में से छह की पहचान सतीश, भागीरथ, मिलन, शिव शंकर, मंगल और परमेश्वर के रूप में हुई है, जबकि चार अन्य – छोटेलाल, दीनदयाल, शिवकांत और इंद्रजीत की हालत गंभीर है। पुलिस और जांचकर्ताओं के अनुसार, यह हादसा एक आगामी आवासीय परियोजना (Residential Project) की साइट पर हुआ, जहाँ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण किया जा रहा था। घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच हुई। बेसमेंट में खुदाई के दौरान सुरक्षा के लिए बनाई गई कंक्रीट की दीवार अचानक ढह गई, जिससे भारी मात्रा में मिट्टी नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गई। डीसीपी (मानेसर) दीपक कुमार जेवरिया ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी रात 9:15 बजे अस्पताल के जरिए मिली, जब वहां पांच मौतों की पुष्टि हुई।
