
लखनऊ (नागेंद्र सिंह चौहान)। नारी शक्ति के सम्मान में लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड (LCWW) ग्रुप ने मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से लखनऊ दर्शन का आयोजन किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस यात्रा ने लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत, महिला स्वास्थ्य व नारी सशक्तिकरण के संदेश का एक अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
यह नारी सशक्तिकरण यात्रा मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. विश्वास वर्मा के सानिध्य में सम्पन्न हुई। इसका नेतृत्व दीपाली लालवानी एवं डॉ. सविता श्रीवास्तव ने किया। इस यात्रा के दौरान लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक महत्व वाले प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया गया।

लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड समूह की महिला सदस्यों ने यूपी दर्शन पार्क में प्रदेश की विविध संस्कृति के तमाम प्रतीक देखे। इसके बाद यह दल डबल डेकर बस से विधानसभा पहुंचा। विधान भवन इस यात्रा का मुख्य आकर्षण था। वहां सदस्यों को विधानसभा के भीतर जाने का विशेष अवसर मिला। इसी क्रम में शहर के हृदय स्थल हजरतगंज और राज्यपाल के आधिकारिक निवास जनभवन का भ्रमण किया।

सभी सदस्यों ने बेगम हजरत महल पार्क में 1857 की महान क्रांतिकारी वीरांगना को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद यह काफिला रेजीडेंसी पहुंचा। इसके बाद सब लोग छतर मंजिल और गोमती रिवरफ्रंट का भ्रमण किया। सदस्यों ने ऐतिहासिक ‘अम्ब्रेला पैलेस’ और रिवरफ्रंट की आधुनिक सुंदरता का आनंद लिया।
समूह के संस्थापक सुनील मिश्रा ने मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड के संयुक्त प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी यात्रों से हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।
इस यात्रा के अंतिम पड़ाव में महिलाओं के स्वास्थ्य पर चर्चा ही नहीं हुई, बल्कि विशेषज्ञ परामर्श भी दिया गया। डॉ. भूमिका बंसल (निदेशक, प्रसूति एवं स्त्री रोग) एवं डॉ. प्रगति गोगिया (वरिष्ठ सलाहकार, त्वचा विज्ञान एवं सौंदर्यशास्त्र) ने निवारक देखभाल और आधुनिक सौंदर्यशास्त्र पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
