अंतरराष्ट्रीय

सऊदी अरब में मिसाइल हमला: 2 की मौत, मृतकों में एक भारतीय; 12 घायल

डेस्क: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव (West Asia) के बीच सऊदी अरब (Saudi Arabia) के अल-खारज शहर में रविवार को एक रिहायशी इलाके पर मिसाइल गिरने (Missile falling) से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। सऊदी नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय ने घटना की पुष्टि की है।

अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में एक भारतीय नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं, जबकि घायल हुए सभी 12 लोग बांग्लादेशी निवासी बताए जा रहे हैं। यह हमला एक रखरखाव और सफाई कंपनी के आवासीय परिसर पर हुआ, जिससे इमारतों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

कंपनी के आवासीय परिसर पर गिरा मिसाइल

नागरिक सुरक्षा के आधिकारिक प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि अल-खारज प्रांत में एक मेंटेनेंस कंपनी से जुड़े आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने बताया कि हादसे में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हुई है, जबकि 12 बांग्लादेशी घायल हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान और नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हमला

यह घटना ऐसे समय हुई है जब मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में ईरान द्वारा खाड़ी देशों की ओर मिसाइल हमले किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

स्थिति को देखते हुए Embassy of India, Riyadh ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

दूतावास ने भारतीयों से सतर्क रहने, सऊदी अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने और स्थानीय प्रशासन व दूतावास के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।

दूतावास और उड़ान सेवाएं सामान्य

दूतावास ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। वीजा और कांसुलर सेवाएं VFS Global के माध्यम से जारी हैं और नियमित कांसुलर शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
इसके अलावा कई एयरलाइंस रियाद, जेद्दा और दम्माम से भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं। भारतीय और सऊदी एयरलाइंस ने जेद्दा और मदीना से अपनी निर्धारित उड़ानें भी फिर से शुरू कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *