डेस्क:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के विकास के लिए 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का तोहफा दिया। उन्होंने दिल्ली मेट्रो की पिंक और मजेंटा लाइन के नए हिस्सों का उद्घाटन किया और तीन नए कॉरिडोर की नींव रखी। इस विस्तार से बुराड़ी, यमुना विहार, खजूरी खास और वजीराबाद जैसे इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों का सफर आसान होगा और मेट्रो कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आएगा। मेट्रो परियोजनाओं की शुरुआत के साथ ही प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान हुई प्रोटोकॉल की लापरवाही का मुद्दा उठाया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कल बंगाल में जो हुआ, वह देश की राष्ट्रपति का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने न केवल राष्ट्रपति बल्कि पूरे आदिवासी समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
