डेस्क:दिल्ली नगर निगम ने रविवार को उत्तम नगर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए होली के दिन हुई झड़प के एक आरोपी के घर के अवैध हिस्सों को गिरा दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, निगम के अधिकारी बुलडोजर लेकर जेजे कॉलोनी पहुंचे और इमारत के केवल उन्हीं हिस्सों को ध्वस्त किया जो नियमों के खिलाफ बने थे। हालांकि, इस कार्रवाई पर निगम के अधिकारियों ने अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। यह विवाद 4 मार्च को होली के दिन शुरू हुआ था, जब तरुण (26) के परिवार की एक बच्ची द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा पड़ोसी महिला को लग गया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच खूनी झड़प हो गई, जिसमें तरुण की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवार एक-दूसरे को 50 सालों से जानते थे, लेकिन पार्किंग और कचरा फेंकने जैसी बातों पर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
