खेल

IND vs ENG सेमीफाइनल : 41 साल पुराना इतिहास फिर देगा दस्तक, क्या पांचवीं भिड़ंत में भारत उठाएगा तीसरी ट्रॉफी?

डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है और अब सबकी निगाहें 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में होने वाले भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल (India-England semi-final) पर टिकी हैं। 8 मार्च को खेले जाने वाले फाइनल से पहले यह मुकाबला सिर्फ ‘फाइनल का टिकट’ तय नहीं करेगा, बल्कि एक ऐसा ऐतिहासिक संयोग भी साथ लेकर आ रहा है, जिसने पहले भी टीम इंडिया को चैंपियन बनाया है। आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि जब-जब भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया है, तब-तब ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। अब पांचवीं बार दोनों टीमें आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं और इतिहास फिर से खुद को दोहराने की दहलीज पर खड़ा है।

सेमीफाइनल में बराबरी की टक्कर, लेकिन संयोग भारत के साथ

आईसीसी टूर्नामेंट्स के इतिहास पर नजर डालें तो भारत और इंग्लैंड अब तक चार बार सेमीफाइनल में भिड़ चुके हैं। दोनों टीमों ने दो-दो मुकाबले जीते हैं। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने जिन दो मौकों पर इंग्लैंड को हराया, उन दोनों बार खिताब भी अपने नाम किया। ऐसे में अगर 5 मार्च को टीम इंडिया बाजी मारती है तो तीसरी ट्रॉफी का रास्ता भी खुल सकता है। 1983 और 2024 के बाद यह तीसरा मौका होगा जब यह खास समीकरण टीम इंडिया के पक्ष में खड़ा नजर आ रहा है।

1983: ‘अंडरडॉग’ से चैंपियन बनने तक

भारत और इंग्लैंड का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 1983 के वनडे विश्व कप में हुआ था। उस समय मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ ‘अंडरडॉग’ मानी जा रही भारतीय टीम ने 60 ओवर में 213 रन पर इंग्लैंड को समेट दिया था। कपिल देव की कप्तानी में गेंदबाजों ने कमाल दिखाया और भारत ने 54.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 217 रन बनाकर 6 विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद फाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने पहली बार विश्व कप ट्रॉफी उठाई थी। यही वह जीत थी जिसने भारतीय क्रिकेट का भविष्य बदल दिया।

1987: गूच की पारी और भारत का सपना टूटा

चार साल बाद 1987 के विश्व कप में दोनों टीमें फिर से सेमीफाइनल में भिड़ीं। इस बार इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन बनाए। ग्राहम गूच ने 115 गेंदों में 136 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 219 रन पर सिमट गई। मोहम्मद अजहरुद्दीन के 64 रन भी जीत नहीं दिला सके। यह मुकाबला सुनील गावस्कर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी साबित हुआ।

2022: एडिलेड में करारी हार

तीसरी भिड़ंत 2022 के टी20 विश्व कप में एडिलेड में हुई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए, जिसमें हार्दिक पांड्या (63) और विराट कोहली (50) की अहम भूमिका रही। लेकिन इंग्लैंड के जोस बटलर (80*) और एलेक्स हेल्स (86*) ने 170 रनों की अटूट साझेदारी कर 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और भारत को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

2024: 41 साल बाद फिर दोहराया गया इतिहास

2024 के टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराकर बदला चुकता किया। भारत ने 7 विकेट पर 171 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवर में 103 रन पर ढेर हो गई। रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने 3-3 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लेकर जीत पक्की की। इस जीत के बाद भारत ने खिताब भी अपने नाम किया।

अब 2026 में एक बार फिर भारत और इंग्लैंड आमने-सामने हैं। चार मुकाबलों में 2-2 की बराबरी है, लेकिन संयोग भारत के पक्ष में खड़ा दिखाई देता है। सवाल यही है कि क्या 41 साल पुराना इतिहास फिर से दोहराया जाएगा और टीम इंडिया पांचवीं भिड़ंत में तीसरी बार ट्रॉफी तक पहुंचेगी? जवाब वानखेड़े के मैदान पर मिलने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *