
दरभंगा/समस्तीपुर। समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय स्थित सभागार में आज मंडल के अधिकारियों द्वारा ‘सेवा संकल्प’ लिया गया। यह संकल्प माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नये प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में केंद्रीय मंत्रिमंडल की ऐतिहासिक प्रथम बैठक के अवसर पर लिए गए संकल्प की भावना से प्रेरित होकर दोहराया गया।
इस अवसर पर वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विवेक कुमार द्वारा केंद्रीय मंत्रिमंडल के सेवा संकल्प का विधिवत पाठ किया गया, जिसे उपस्थित सभी अधिकारियों ने एक स्वर में दुहराते हुए राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। संकल्प में कहा गया कि ‘सेवा तीर्थ’ नये भारत के नव-निर्माण की एक सशक्त और सजीव अभिव्यक्ति है। यह भवन न केवल भविष्य के स्वागत का प्रतीक है, बल्कि इसके निर्माण में असंख्य श्रमिकों के परिश्रम और समर्पण का पावन योगदान निहित है।
संकल्प के अनुसार, आजादी के पश्चात् प्रधानमंत्री कार्यालय दशकों तक साउथ ब्लॉक में संचालित होता रहा, जहाँ से विरासत को संजोते हुए भविष्य के भारत के स्वप्न गढ़े गए। उन स्वप्नों में एक ऐसे भारत की कल्पना की गई, जिसकी सोच स्वदेशी, स्वरूप आधुनिक तथा संकल्प असीम और समर्थ हो। ‘सेवा तीर्थ’ उसी संकल्पना का मूर्त रूप है, जो लोकतंत्र की जननी भारत के गौरव को और अधिक ऊँचाइयों तक ले जाने का माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर ‘सेवा तीर्थ’ के ऐतिहासिक महत्व को भी स्मरण किया गया। उल्लेखनीय है कि यह परिसर उन अस्थायी बैरकों के स्थान पर निर्मित हुआ है, जो ब्रिटिश काल से संबद्ध थे। उस स्थान पर आज राष्ट्र संचालन के एक सक्रिय एवं आधुनिक संस्थान का निर्माण नये भारत के कायाकल्प और आत्मनिर्भरता के संकल्प का प्रतीक है। संकल्प में यह भी दोहराया गया कि ‘सेवा तीर्थ’ में होने वाला प्रत्येक निर्णय 140 करोड़ देशवासियों के प्रति सेवा भाव से प्रेरित होगा तथा राष्ट्र निर्माण के व्यापक उद्देश्यों से अभिन्न रूप से जुड़ा रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री गणनाथ झा द्वारा ‘सेवा भावना और प्रशासनिक उत्तरदायित्व’ विषय पर एक सारगर्भित व्याख्यान भी प्रस्तुत किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा है और प्रत्येक निर्णय में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं राष्ट्रहित की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों के निर्वहन में सेवा, समर्पण और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सन्नी सिन्हा, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विवेक कुमार, वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री गणनाथ झा तथा वरीय मंडल इंजीनियर/स श्री संजय कुमार सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा एवं सुशासन के प्रति अटूट निष्ठा के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी अधिकारियों ने यह प्रतिज्ञा ली कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन सेवा भाव, ईमानदारी और राष्ट्रहित की सर्वोच्च भावना के साथ करेंगे, जिससे समस्तीपुर मंडल में जनोन्मुख, उत्तरदायी और उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।