अंतरराष्ट्रीय

”बेबस माँ का मैसेज: ”बेटा, अब बहुत डर लग रहा है…”दुबई में मिसाइल हमलों के बीच अपनों से लगाई गुहार

डेस्क: पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य तनाव के बीच अब खाड़ी के सुरक्षित समझे जाने वाले शहर भी असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। दुबई में हुए ड्रोन और मिसाइल हमलों ने वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों के बीच खौफ पैदा कर दिया है। हांगकांग स्थित भारतीय उद्यमी प्रकाश ददलानी ने अपने पारिवारिक व्हाट्सएप ग्रुप के जो स्क्रीनशॉट साझा किए हैं, वे इस भयावह स्थिति की गवाही दे रहे हैं।

प्रकाश ददलानी ने साझा किए परिवार के साथ बातचीत के अंश

प्रकाश ददलानी ने सोशल मीडिया पर अपने परिवार की बातचीत का अंश साझा करते हुए बताया कि दुबई में मौजूद उनकी माँ वहां के हालातों से बेहद डरी हुई हैं। उनकी माँ ने मैसेज में लिखा, “अब डर लग रहा है। इसका कोई अंत नहीं दिख रहा।” ददलानी ने अपनी पोस्ट में गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “दुबई दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक माना जाता है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरे फैमिली चैट में एक दिन ऐसी बातें होंगी।”

प्रमुख स्थान भी आए निशाने पर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में दुबई के प्रतिष्ठित स्थानों को निशाना बनाया गया। हमलों के कारण बुर्ज अल अरब होटल और जेबेल अली पोर्ट पर आग लगने की खबरें भी सामने आई हैं। दुबई मीडिया कार्यालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इंटरसेप्ट किए गए ड्रोनों का मलबा दो घरों पर गिरने से दो लोग घायल हुए हैं।

ओमान और कतर भी चपेट में आए

ईरान ने पहले अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही थी, लेकिन अब हमले खाड़ी के अन्य शहरों तक फैल गए हैं। लगातार दूसरे दिन दुबई और कतर की राजधानी दोहा में तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। पहली बार ओमान में भी हमले की खबरें मिली हैं। यह कार्रवाई अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में ईरान की जवाबी कार्रवाई बताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर उमड़ा समर्थन और चिंता

ददलानी की इस पोस्ट को अब तक 42,000 से अधिक लोग देख चुके हैं। कमेंट सेक्शन में लोग वहां फंसे नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।एक यूजर ने लिखा, “अमीर लोगों के लिए सुरक्षित ठिकाना माने जाने वाले दुबई में असुरक्षा का माहौल पैदा कर अमेरिका पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। इस भू-राजनीतिक तनाव की कीमत आम लोग चुका रहे हैं।” एक अन्य यूजर ने चिंता जताते हुए कहा, “मेरी सबसे अच्छी सहेली भी वहां है, मैं उसके लिए बहुत चिंतित हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *