दरभंगा। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के अभियंत्रण शाखा के उच्च वर्गीय लिपिक सतीश कुमार शर्मा आज सेवा निवृत्त हो गए। इस मौके पर विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. लक्ष्मीनिवास पांडेय ने कहा कि एक दिन सभी कर्मचारियों को अपनी सेवा से निवृत्ति लेनी होती है। इसके बाद निवृत्त कर्मी अपने परिवार पर ज्यादा ध्यान दे पाते हैं। उन्हें अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए पारिवारिक दायित्वों का भरपूर निर्वहन करना चाहिए। साथ ही कुलपति ने कहा कि श्री शर्मा बेहद ही कर्तव्यनिष्ठ व गम्भीर कर्मी थे। ऐसे कर्मियों की कमी हमेशा खलेगी। उन्हें भरोसा है कि उनका निवास स्थान विश्वविद्यालय के काफी करीब है। इसलिए जरूरत पड़ने पर वे हमेशा सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ. निशिकांत ने बताया कि विश्वविद्यालय परिवार में श्री शर्मा एसटी वर्ग से आनेवाले एकलौता कर्मी थे। उन्हें कुलपति प्रो. पांडेय समेत अन्य कर्मियों ने पाग-चादर व फूलमाला से सम्मानित किया। वहीं, भावुक स्वर में श्री शर्मा ने कहा कि वर्षों की खट्टी-मीठी यादें आज मानस पटल पर तरोताजा हो गयी हैं। सभी सहकर्मियों ने उन्हें काफी सहयोग किया। जरूरत पड़ने पर वे हमेशा विश्वविद्यालय के कार्यों में सहयोग को तैयार रहेंगे। मौके पर कर्मचारी संघ की तरफ से उन्हें सम्मानजनक उपहार भी भेंट किया गया। एफओ डॉ पवन कुमार झा, विधि पदाधिकारी डॉ नवीन कुमार झा, डीआर डॉ सुनील कुमार झा , कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रघुनन्दन लाल कर्ण, उपाध्यक्ष सुशील कुमार झा, सचिव अभिमन्यु कुमार, प्रवक्ता डॉ रविन्द्र कुमार मिश्र, पूर्व अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार झा समेत अन्य कर्मियों ने श्री शर्मा के दीर्घ स्वस्थ जीवन की कामना की।
