
दरभंगा। माय भारत, दरभंगा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कोषांग, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय वाणिज्य विभाग में आयोजित विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट- 2026 के अंतर्गत “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रिया कुमारी-प्रथम, ईशा शाह-द्वितीय, सफीना महफूज- तृतीया, अनीश कुमार-चतुर्थ तथा आदित्य कुमार ने पंचम स्थान प्राप्त किया। इन सफल प्रतिभागियों को आयोजकों द्वारा प्रमाण पत्र तथा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही इनका नाम आगामी मार्च में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु भेजा जाएगा। ज्ञातव्य हो कि इस प्रतियोगिता हेतु 80 से अधिक प्रतिभागियों ने माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीयन कराया था, जिनमें से आज 30 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी। नियमानुसार दरभंगा जिला में निवास करने वाले या पढ़ाई करने वाले 18 से 25 वर्ष के बीच की अवस्था युवा इस प्रतियोगिता में भाग लिए हैं।
आज की प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में प्रो प्रेम मोहन मिश्रा, प्रो अजीत कुमार सिंह, डॉ आर एन चौरसिया, डॉ नीतू कुमारी एवं कुमार अनुराग के नाम शामिल हैं। प्रतियोगिता में उद्घाटन सत्र के बाद प्रस्तुति सत्र में निर्णायक मंडल के सदस्यों का स्वागत मोमेंटो से किया गया। माय भारत, दरभंगा के जिला युवा पदाधिकारी राकेश कुमार में बताया सुयोग्य प्रतिभागियों को 3 मिनट में अपनी बातों को प्रभावपूर्ण ढंग से संक्षेप में प्रस्तुति कराई गई, जिसमें उनकी प्रस्तुति शैली, बॉडी लैंग्वेज, विषय वस्तु तथा सार प्रस्तुतीकरण आदि को ध्यान में रखकर मूल्यांकन किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता को काफी सफल बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन, स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ आर एन चौरसिया ने इस प्रतियोगिता के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया प्रतियोगिता का सफल संचालन अमित कुमार शुक्ला के कुशल नेतृत्व में हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को समय का संकेत घंटी बजाकर दिया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में माय भारत, दरभंगा के पूजा कुमारी तथा बृजेश कुमार का सराहनीय योगदान रहा।