डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) और अफगानिस्तान (Afghanistan) में आर-पार की लड़ाई छिड़ गई है. दोनों देशों में जंग जैसे हालात हो गए हैं. कभी पाकिस्तान खून की होली खेल रहा है तो कभी अफगानिस्तान बदले की आग में पाकिस्तान की लंका लगा रहा है. अब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक (airstrike) कर दी है. अफगानिस्तान ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है. अफगानिस्तान ने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है. इससे पाकिस्तान आगबबूला हो गया. उसने भी आनन-फानन में अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आधी रात को बमबारी कर दी. जी हां, पाकिस्तान ने अफगान तालिबान शासन के खिलाफ ऑपरेशन ‘ग़ज़ब लिल हक’ शुरू किया है. पाकिस्तान का दावा है कि उसने रातभर एयरस्ट्राइक कर अफगानिस्तान में 130 से अधिक लोगों की लाशें बिछा दी हैं. फिलहाल, दोनों देशों में तनाव सातवें आसमान पर है.
पाकिस्तान का दावा है कि काबुल पर रात भर हुए एयरस्ट्राइक में 130 से अधिक अफगानी मारे गए हैं. पाकिस्तान के इन्फॉर्मेशन मिनिस्टर अताउल्लाह तरार ने कहा कि ऑपरेशन ग़ज़ब लिल-हक के तहत 133 अफगान तालिबान ऑपरेटिव मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए. पाकिस्तान का दावा है कि उसने काबुल, पक्तिका और कंधार में अफगान तालिबान के डिफेंस ठिकानों को टारगेट किया है. पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान की तालिबान सरकार की 27 चौकियां तबाह हो गईं और पाक ने 9 चौकियों पर कब्ज़ा कर लिया है.
पाकिस्तान का क्या दावा?
पाकिस्तान ने यह भी दावा किया कि ‘ग़ज़ब लिल हक’ के तहत अफगानिस्तान में दो कोर हेडक्वार्टर, तीन ब्रिगेड हेडक्वार्टर, दो एम्युनिशन डिपो, एक लॉजिस्टिक्स बेस, तीन बटालियन हेडक्वार्टर और दो सेक्टर हेडक्वार्टर तबाह कर दिए गए. साथ ही 80 से ज़्यादा टैंक, आर्टिलरी गन और आर्मर्ड पर्सनल कैरियर भी तबाह हो गए. पाक ने यह एयरस्ट्राइक तब की, जब पाकिस्तान पर अफगानिस्तान ने क्रॉस-बॉर्डर हमले कर दिए. अफगान के इस हमले में पाक के 50 से अधिक सैनिक मारे गए. इसके बाद पाकिस्तान ने ऑपरेशन गजब लिल हक शुरू किया. काबुल में तीन धमाकों और एयरक्राफ्ट की आवाज सुनी गई. खुद काबुल ने दावा किया कि उसने पहले के पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक का बदला लेने के लिए एक दर्जन से अधिक पाकिस्तानी आर्मी पोस्ट पर कब्ज़ा कर लिया.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सेना तालिबान सरकार के हमले का करारा जवाब दे रही है. हालांकि, अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तान को कम गहरा चोट नहीं दिया है. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि अफगान सेना के हमलों में 50 से अधिक पाकिस्तानी सैानिकों की मौत हो चुकी है. 13 सैनिकों के शव पाकिस्तान को वापस कर दिए गए हैं. कुछ को जिंदा भी पकड़ा गया है. अफगानिस्तान का दावा है कि उसने पाकिस्तानी सेना के दर्जनों हथियार ज़ब्त किए गए हैं और बॉर्डर पर अब भी पाकिस्तानी सेना को अफगान सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है.
हालांकि, इस्लामाबाद ने काबुल में मारे गए लोगों के आंकड़ों को खारिज कर दिया है. पाक सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और तीन घायल हुए, जबकि 36 अफगान लड़ाके मारे गए. उन्होंने अफगानिस्तान की कार्रवाई को बिना उकसावे के बताया और कहा कि पाकिस्तान करारा जवाब दे रहा है.
अफगानिस्तान का क्या दावा?
वहीं, अफ़गान सरकार ने कहा है कि उसके सैनिकों ने पाकिस्तान के साथ बॉर्डर पर फिर से हमले किए हैं, जिससे दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव बढ़ गया है. इस्लामिक अमीरात ऑफ़ अफ़गानिस्तान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि कंधार और हेलमंद में डूरंड लाइन पर पाकिस्तानी मिलिट्री पोस्ट को निशाना बनाकर ऑपरेशन शुरू हो गए हैं.
अफगानिस्तान ने गुरुवार रात को दावा किया है कि वह हाल में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रहा है. अफगान अधिकारियों के अनुसार, सीमा क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान अब तक दुश्मन की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है.
इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कार्रवाई के दौरान कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि कुछ को जिंदा भी पकड़ लिया गया है.
अफगानिस्तान का कहना है कि दुश्मन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और सीमा क्षेत्र में रणनीतिक बढ़त हासिल की जा रही है. उन्होंने कहा कि दुश्मन की कुल 15 पोस्ट पर कब्जा कर लिया गया है और कई सैनिक हताहत हुए हैं.
अफगान पक्ष ने यह भी बताया कि डूरंड लाइन पर तैनात अत्याधुनिक लेजर उपकरणों से लैस इकाइयों ने भी ऑपरेशन शुरू कर दिया है. बयान में कहा गया है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए दुश्मन की हर गतिविधि को निशाना बनाया जाएगा.
पहले पाकिस्तान ने किया था हमला
दरअसल, अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने पुष्टि की थी कि पाकिस्तानी सैन्य बलों द्वारा अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में किए गए हवाई हमलों में 13 नागरिकों की मौत हुई थी. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.अफगानिस्तान की प्रमुख न्यूज एजेंसी खामा प्रेस ने यूएनएएमए की एक रिपोर्ट के हवाले से खुलासा किया था कि हालिया हवाई हमलों में 13 अफगान नागरिक मारे गए हैं, जबकि सात घायल हो गए थे. ये हमले नंगरहार के बेहसूद और खोगियानी जिलों में 21-22 फरवरी की दरमियानी रात किए गए थे.
गजब लिल हक का अर्थ क्या?
ग़ज़ब लिल हक़ (Ghazab Lil Haq) का हिंदी में शाब्दिक अर्थ सही या सत्य के लिए गुस्सा या क्रोध या न्याय या सच्चा के लिए गुस्सा या प्रकोप. ग़ज़ब लिल हक़ अरबी शब्द है. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने हवाई ऑपरेशन का नाम यही रखा है.
इसको ऐसे समझिए.
ग़ज़ब (Ghazab): इसका अर्थ है क्रोध, प्रकोप, या कहर.
लिल (Lil): यह अरबी भाषा का शब्द है जिसका अर्थ है के लिए
हक़ (Haq): इसका अर्थ है सत्य, अधिकार, या न्याय.
