अन्य

मुंबई पुलिस को मिली 1290 नई गाड़ियां, रिस्पॉन्स टाइम होगा और कम

मुंबई | 26 फरवरी 2026

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई पुलिस को 1290 नई गाड़ियां सौंपीं। इन वाहनों का उद्देश्य महानगर में पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षमता को बढ़ाना और क्राइम सीन पर पहुंचने का समय घटाना है।

नरीमन पॉइंट स्थित मुरली देवड़ा चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी गाड़ियों को एक साथ फ्लैग ऑफ किया। इस मौके पर मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

क्या बोले मुख्यमंत्री?

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि नई गाड़ियों से मुंबई पुलिस की परिचालन क्षमता और दक्षता दोनों में वृद्धि होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे अपराध नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित सहायता देने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य के गृह विभाग की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री के पास ही है।

किन-किन वाहनों को किया गया शामिल?

सरकार द्वारा सौंपी गई 1290 गाड़ियों में 657 टू-व्हीलर और 633 फोर-व्हीलर शामिल हैं। फोर-व्हीलर में स्कॉर्पियो जैसी एसयूवी और बड़ी आर्मर्ड गाड़ियां शामिल हैं। सभी फोर-व्हीलर आधुनिक सुविधाओं जैसे मोबाइल डेटा टर्मिनल, जीपीएस और व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम से लैस हैं।

हर पुलिस स्टेशन को मिलेगा लाभ:

मुंबई पुलिस कमिश्नरेट के तहत 90 पुलिस स्टेशन कार्यरत हैं। प्रत्येक थाने को पांच टू-व्हीलर, चार एसयूवी और एक बड़ी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में हेल्पलाइन 100 और 112 पर आने वाली कॉल्स पर पुलिस का औसत रिस्पॉन्स टाइम करीब 5.30 मिनट है, जिसे और कम करने का लक्ष्य रखा गया है।

नई गाड़ियों के शामिल होने पर मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा  “ज़्यादा मजबूत फ्लीट, तेज एक्शन।

इन संसाधनों के जुड़ने से महानगर में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *