
दरभंगा। बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान बेनीपुर विधायक, प्रो. विनय कुमार चौधरी ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से विधानसभा में विभिन्न कांवरिया पथ को बेहतर बनाने का अनुरोध सरकार से किया है। जिसे विभागीय मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने आश्वस्त करते हुए इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है। श्री चौधरी ने कहा बेगूसराय जिला के सिमरिया धाम से मधुबनी जिला के पंडौल में अवस्थित उगना महादेव भवानीपुर में गंगाजल अर्पित करते हैं। कांवरिया सिमरिया से रोसरा- बहेड़ा बहेरी होते हुए भवानीपुर जाते हैं, इसी तरह कहलगांव एवं बटेश्वर स्थान से घोंघा होते हुए बासुकीनाथ,पुनपुन नदी घाट से बैजू धाम प्रखंड-गूरुआ गया जी के लिए नया कांवर पथ वाया किंजल टेकारी- गुरुवा -बैजू धाम और सोनपुर से मुजफ्फरपुर गरीबनाथ स्थान तक नया कांवर पथ की आवश्यकता बताते हुए इसे निर्माण की मांग सरकार से किया। साथ ही इन पथों पर वर्तमान में भारी वाहनों का आवागमन एवं व्यस्त सड़क है जिससे हजारों की संख्या में जाने वाले कांवरिया को परेशानी के साथ दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसलिए सरकार को आगाह करते हुए उन्होंने कहा पथ निर्माण विभाग से सुल्तानगंज से देवघर कावड़िया पथ के तर्ज पर विषयांकित पथों के लिए भी अलग से कांवड़ पथ बढ़ाने हेतु सरकार का ध्यान आकृष्ट करना चाहता हूं। जिस पर विभागीय मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने माननीय सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा सरकारी इसे गंभीरता से लेते हुए निर्माण के दिशा में अग्रतर कार्रवाई करेगी।