डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup) के सुपर 8 में भारत (India) की साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ हार के बाद अपने अंदाज़ में खिलाड़ियों को जमकर सलाह दी और टीम के प्रदर्शन पर चिंता जताई। सहवाग ने खासकर विराट कोहली को याद किया और बताया कि किस तरह कोहली मैच को अकेले खत्म करने की क्षमता रखते थे।
कोहली की कमी महसूस हुई
सहवाग ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, “इंडिया ने 160 के ऊपर तभी चीज़ किया है, जब विराट कोहली ने रन बनाए हैं। वरना इंडिया के 160 के ऊपर चेज हुए भी नहीं हैं वर्ल्ड कप में और वो हमेशा नोट आउट जाते थे। चाहे 80, 60 या 50 रन, विराट मैच खत्म करके जाते थे। लेकिन कल किस प्लेयर ने मैच खत्म किया? अभी तक वर्ल्ड कप में किसी ने भी ऐसा नहीं किया।”
कई खिलाड़ियों के पास था मौका
टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक जड़ चुके सहवाग ने आगे कहा, “कल इंडिया बनाम साउथ अफ्रीका मैच में कई खिलाड़ियों के पास विराट कोहली बनने का मौका था। तिलक वर्मा के पास था, सूर्य कुमार यादव के पास था, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या के पास भी मौका था। किसी को तो बनना पड़ेगा ना विराट कोहली, किसी को सीखना पड़ेगा कि विराट कैसे मैच खत्म करते थे।”
स्ट्राइक रेट से ज्यादा जिम्मेदारी जरूरी
वीरू ने खिलाड़ियों को स्ट्राइक रेट के चक्कर में खेलने से भी चेताया। उन्होंने कहा, “स्ट्राइक रेट जरूर मायने रखता है, लेकिन चेज के वक्त आपको स्कोरबोर्ड देखकर खेलना चाहिए। कल सूर्य कुमार यादव दबाव में खेलते दिखे, बचाने के लिए। ऐसे क्रिकेट में जीतना मुश्किल है। थोड़ी फियरलेस क्रिकेट दिखानी होगी, तभी टीम इंडिया मैच जीत सकेगी।”
हार का असर और चेतावनी
भारत टीम 76 रनों से हार गई, जिससे सेमीफाइनल में जाने के चांस भी कम हो गए हैं। सहवाग का संदेश स्पष्ट था कि अब खिलाड़ियों को जिम्मेदारी उठानी होगी और कोहली जैसे मैच विनर बनने की आदत सीखनी होगी।
