अन्य उत्तर प्रदेश

लखनऊ : कैंसर वॉरियर्स और सर्वाइवर्स के सम्मान में LCWW ने किया ‘उम्मीदों की उड़ान’ का आयोजन

​लखनऊ (नागेंद्र सिंह चौहान)। लखनऊ कनेक्शन वर्ल्ड वाइड (LCWW) ग्रुप द्वारा रविवार को महानगर के एक प्रतिष्ठित होटल में “उम्मीद की उड़ान” नामक एक अत्यंत भावुक और ऊर्जा से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से कैंसर वॉरियर्स और सर्वाइवर्स के अदम्य साहस को सलाम किया गया। इसमें कैंसर पीड़ितों ने बड़े आत्मविश्वास के साथ रैम्प वॉक भी किया।

मुख्य अतिथि डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता (हेड-इमरजेंसी एंड ट्रॉमा सर्विसेज, मेदांता अस्पताल) ने महत्वपूर्ण चिकित्सा जानकारी साझा करते हुए कहा कि कैंसर का समय पर पता चलना (Early Detection) ही इस जानलेवा बीमारी के सफल इलाज की कुंजी है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि कैंसर रोगियों के लिए परिवार के सदस्यों, दोस्तों और देखभाल करने वालों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मरीजों को उनके प्रियजनों द्वारा क्वालिटी टाइम और भावनात्मक समर्थन दिया जाना अनिवार्य है।

इसी कड़ी में ​एलसीडब्ल्यूडब्ल्यू के संस्थापक सुनील मिश्रा ने बीमारी की गंभीरता पर चर्चा करते हुए कहा कि कैंसर भले ही मानवीय सहनशक्ति की परीक्षा लेने वाला एक कठिन शत्रु है। लेकिन, एकता और अटूट विश्वास सबसे अंधेरे रास्तों को भी रोशन कर सकते हैं। ​एकजुटता और साहस की ‘रैंप वॉक’ में कैंसर सर्वाइवर्स और वॉरियर्स ने मुख्य अतिथि डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता, संस्थापक सुनील मिश्रा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ हाथों में हाथ डालकर रैंप वॉक किया।

एकजुटता के इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में सुधीर कुमार श्रीवास्तव, मृदुला पांडे, अंकिता गुप्ता व सलमान बेग सहित अन्य ने भी हिस्सा लिया। ​इस भावुक वॉक के बाद कैंसर सर्वाइवर्स को उनकी वीरता और जुझारूपन के लिए सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान ​दिवंगत कैंसर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। उन लोगों ने कैंसर से लंबी लड़ाई लड़ी थी। लेकिन, अंततः वे जंग हार गए। राजीव शर्मा (दिवंगत अंजलि शर्मा के पति) और विभा तारा श्री (दिवंगत दीप्ति श्रीवास्तव की बहन) ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए, जिससे संघर्ष की वास्तविकता और गहराई का पता चला।

​​कार्यक्रम में एक जीवंत फैशन शो और रैंप वॉक का आयोजन हुआ, जिसमें सदस्यों ने ‘सिंगल्स’ और ‘कपल्स’ श्रेणियों में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। ​सिंगल्स: सुश्री अंजू यादव (विजेता), श्रीमती पूजा टंडन (प्रथम उपविजेता), और श्रीमती रचना मिश्रा (द्वितीय उपविजेता)। वहीं, ​कपल्स में साधना श्रीवास्तव और ज्योति प्रकाश श्रीवास्तव। जबकि ​उत्कृष्ट सेवा सम्मान में नीमा पंत, निमिषा सोनकर, शैलेंद्र सिंह, डॉ. पल्लवी तिवारी, डॉ. पदम दीक्षित, प्रतिमा सोनकर, वीनू चड्ढा, मोनिका साई, शिल्पी सक्सेना और रविकर सक्सेना को सम्मानित किया।

सभी स्वयंसेवकों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए। ​कार्यक्रम का शानदार प्रबंधन प्रोग्राम डायरेक्टर राजीव सक्सेना और उनकी सक्षम टीम—डॉ. विश्वास वर्मा, नवीन कोहली, तृप्ति पांडे, विनोद श्रीवास्तव, छाया सक्सेना, अंजू यादव, दीपक भाटिया और सौरभ गुप्ता द्वारा किया गया।

प्रमुख विशेषज्ञों के योगदान की सराहना की गयी। जैसे: ​प्रतिमा सोनकर की प्रतिभागियों को रैंप वॉक के लिए तैयार (Grooming) करने और जज की भूमिका निभाने के लिए। ​डॉ. पल्लवी तिवारी को निर्णायक मंडल (Judging Panel) में अपने विशेषज्ञ योगदान के लिए। ​निमिषा सोनकर को लोहिया संस्थान में कैंसर रोगियों के साथ अपने अनुभवों को साझा करने और सर्वाइवर्स को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए।

​कार्यक्रम के दौरान डॉ. विश्वास वर्मा, नवीन कोहली, प्रतिमा सोनकर, मंजू भाटिया और डॉ. पदम दीक्षित का जन्मदिन मनाया गया। जबकि मंजू एवं दीपक भाटिया और साधना एवं ज्योति प्रकाश श्रीवास्तव की वैवाहिक वर्षगांठ मनाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *