भागलपुर (आई ए खान) : जिले के मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र के बाल्टी कारखाना के पास स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री में आज भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में डीजल मशीन का इस्तेमाल होता था और काफी मात्रा में डीजल स्टोर रखा गया था। प्रारंभिक अनुमान है कि पहले शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसके बाद फैक्ट्री में रखे डीजल ने आग को और भड़का दिया। देखते ही देखते आग विकराल रूप ले चुकी थी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक फैक्ट्री का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
