राष्ट्रीय

3 दिन तक बेटी को किया टार्चर,प्राइवेट पार्ट्स भी जलाया, मां ने बताई लिव-इन पार्टनर की दरिंदगी

डेस्क:गुरुग्राम के सेक्टर 69 से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। त्रिपुरा की रहने वाली 19 साल की छात्रा के साथ उसके लिव-इन पार्टनर शिवम ने ऐसी हैवानियत की, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। पीड़िता के माता-पिता और वकील के बयानों से पता चला है कि यह सिर्फ मारपीट का मामला नहीं, बल्कि बेहद क्रूरता और यौन उत्पीड़न का मामला है। पीड़िता की वकील रीना राय ने बताया कि आरोपी शिवम ने लड़की को तीन दिनों तक कमरे में बंद रखा और उसे बुरी तरह टॉर्चर किया। वकील के मुताबिक, आरोपी ने हैंड सैनिटाइजर की मदद से लड़की के प्राइवेट पार्ट्स को जला दिया और उसके साथ बेहद गंदी हरकतें कीं। मारपीट के कारण लड़की का चेहरा बुरी तरह सूज गया है और उसके बाल भी काट दिए गए हैं। पीड़िता के पिता ने इसे ‘निर्भया केस’ जैसा बताते हुए कहा कि मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हुई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक मामूली धाराओं में ही केस दर्ज किया है। पीड़िता की मां का छलका दर्द
पीड़िता की मां ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि 16 फरवरी की रात को उनकी बेटी ने फोन कर जान बचाने की भीख मांगी थी। बेटी ने रोते हुए बताया था कि शिवम उसे पिछले तीन दिनों से मार रहा है और जला रहा है। मां का आरोप है कि आरोपी ने लड़की पर पेशाब किया, उसके शरीर को चाकू से कई जगह से काटा और हर दिन उसके प्राइवेट पार्ट्स को जलाया। मां ने यह भी बताया कि उनकी बेटी गुरुग्राम में बायो-टेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने आई थी और ऑनलाइन ऐप के जरिए उसकी दोस्ती शिवम से हुई थी। परिवार की मांग, आरोपी को कड़ी सजा मिले
फिलहाल लड़की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। परिवार का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर न सिर्फ उसका रेप किया बल्कि उसे जान से मारने की पूरी कोशिश की। परिवार अब पुलिस से मांग कर रहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें रेप और हत्या की कोशिश जैसी कड़ी धाराएं जोड़ी जाएं और आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *