डेस्क:गुरुग्राम के सेक्टर 69 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां त्रिपुरा की रहने वाली एक 19 साल की युवती को उसके लिव-इन पार्टनर शिवम ने बेरहमी से पीटा। बताया जा रहा है कि तीन दिनों तक लगातार मारपीट की गई, जिससे युवती की हालत बहुत खराब हो गई। फिलहाल, गंभीर हालत में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। लड़की ने पुलिस को बताया कि आरोपी शिवम (19 वर्ष) के साथ उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। कुछ समय बाद वे गुरुग्राम के सेक्टर 69 में साथ रहने लगे। दोनों के परिवारों के बीच शादी की बात भी चल रही थी। बता दें, पीड़िता गुरुग्राम में बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रही है।
19 फरवरी की रात को शादी के प्लान को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। लड़की का आरोप है कि शिवम ने उस पर चाकू और मेटल की बोतल से हमला किया, उसे फर्नीचर पर पटका और उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी। यह मारपीट लगातार तीन दिनों तक चलती रही। लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि शिवम ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
