अर्थ

रुपया ऐतिहासिक गिरावट पर! डॉलर के मुकाबले 90.95 के स्तर पर पहुंचा, कच्चे तेल और भू-राजनीतिक तनाव का असर

डेस्क: भारतीय मुद्रा बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार के दौरान रुपया 27 पैसे टूटकर 90.95 प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गया। अमेरिकी डॉलर की मजबूती, वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भारतीय रुपये पर चौतरफा दबाव बनाया है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयरों में बिकवाली की होड़ ने भारतीय मुद्रा पर और दबाव बनाया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.94 प्रति डॉलर पर खुला। फिर शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.95 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 27 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.68 पर बंद हुआ था। छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को मुद्रा बाजार बंद रहे। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.89 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 150.35 अंक टूटकर 82,347.79 अंक पर जबकि निफ्टी 35.15 अंक फिसलकर 25,419.20 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 880.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *