स्थानीय

दरभंगा : आनंदपुर सहोरा पैक्स की नवगठित प्रबंध समिति की पहली बैठक, 500 एमटी गोदाम निर्माण का प्रस्ताव पारित

हायाघाट/दरभंगा (निशांत झा)। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आनंदपुर सहोरा पैक्स की नव निर्वाचित प्रबंध समिति की बैठक पैक्स कार्यालय, सहोरा में अध्यक्ष श्री कृष्ण भगवान चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सशक्त संचालन एवं किसानों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में समिति के कार्यक्षेत्र अंतर्गत विभाग से 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम के नव निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, खाद व्यवसाय प्रारंभ करने तथा पैक्स स्तर पर सीएससी सेंटर खोलने का भी निर्णय लिया गया, ताकि किसानों को एक ही स्थान पर अधिकतम सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि पैक्स को मजबूत बनाना और किसानों को सीधा लाभ पहुंचाना समिति की प्राथमिकता होगी। गोदाम निर्माण से जहां भंडारण क्षमता बढ़ेगी, वहीं खाद व्यवसाय और सीएससी सेंटर से ग्रामीणों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

बैठक में प्रबंध समिति सदस्य कृष्ण मोहन झा, नीलेश कुमार चौधरी, वीणा देवी, कैलाश भगत, सुमित्रा देवी, पंकज कुमार, प्रबंधक सतिंदर ठाकुर तथा प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, हायाघाट रामकुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *