डेस्क:नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम ने बुधवार को पुणे जिले के बारामती के पास विमान हादसे वाली उस जगह का दौरा किया, जिसमें पिछले महीने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोग मारे गए थे। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने 28 जनवरी की घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की समीक्षा की। पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास लियरजेट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से अजित पवार, कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की मौत हो गई थी। नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा था कि विमान दुर्घटना की जांच समयबद्ध तरीके से की जाएगी।
