
दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मैथिली विभाग की शोध पत्रिका ‘ मैथिली’ का लोकार्पण बुधवार को कुलपति, प्रो. संजय कुमार चौधरी ने किया। इस मांगलिक अवसर पर कुलपति ने मैथिली विभाग के शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा मैथिली विभाग निरन्तर अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है, जिससे मातृभाषा मैथिली का साहित्य समृद्ध हो रहा है। मालूम हो कि शोध पत्रिका ‘मैथिली’ (अंक -19 ) पीयर रिव्यू के रूप में प्रकाशित है। जिसमें कुल चौवन शोध आलेख शामिल हैं। विभाग अध्यक्ष व सम्पादक प्रो. दमन कुमार झा ने बताया कि पिछले कई वर्षो से ‘मैथिली’ शोध पत्रिका का प्रकाशन हो रहा है। इस बार का अंक मैथिली के प्रतिष्ठित साहित्यकार,समालोचक, राजनेता,लोकप्रिय प्राध्यापक एवं आधुनिक मैथिली काव्य के आधार स्तम्भ आचार्य सुरेंद्र झा ‘सुमन’ पर केन्द्रित है। 50 वर्ष पूर्व विश्वविद्यालय मैथिली विभाग से एक सम्मानित प्राचार्य के रूप में उन्होंने अवकाश ग्रहण किया था। उनके सम्मान में यह अंक प्रकाशित किया गया है। मौके पर प्रो.अशोक कुमार मेहता, डा.सुनीता कुमारी ,डा.अभिलाषा कुमारी और डा.सुरेश पासवान उपस्थित रहें ।