डेस्क:राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम ने महाराष्ट्र में नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मशहूर गायक अदनान सामी की मुलाकात और साथ में भोजन करने पर महाराष्ट्र कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस ने इसे “राष्ट्र-विरोधी” कृत्य करार देते हुए आरएसएस की विचारधारा पर सवाल उठाए हैं। विपक्षी दल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अदनान सामी के पिता ने पाकिस्तान वायु सेना में पायलट के रूप में सेवा दी थी और वह पठानकोट हवाई अड्डे पर हमले समेत 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शामिल थे। सामी उन हस्तियों में शामिल हैं जिन्होंने आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सप्ताहांत में मुंबई में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में भाग लिया था।
कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अदनान सामी के पिता अरशद सामी खान पाकिस्तान वायु सेना में पायलट थे जिन्होंने 1965 के युद्ध के दौरान पठानकोट हवाई अड्डे को नष्ट कर दिया था। आज मोहन भागवत उनके साथ भोजन का आनंद ले रहे हैं। आरएसएस (का यह कदम) राष्ट्रविरोधी है।’’ सामी ने अपने फेसबुक खाते पर रविवार को भागवत के साथ अपनी तस्वीरें साझा की थीं और आरएसएस प्रमुख की प्रशंसा की थी।
