अन्य

जिन लोगों को एक के बाद एक होती रहती है बीमारियां, वह रहते हैं हमेशा उदास : Study

डेस्क:  दो या उससे अधिक पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों में, ऐसी कोई बीमारी न होने वाले लोगों की तुलना में तनाव का संबंध स्वास्थ्य से जुड़ी खराब जीवन-गुणवत्ता से अधिक गहरा हो सकता है।  ‘हेल्थ प्रमोशन इंटरनेशनल’ शोध पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन के निष्कर्षों से यह भी पता चला कि जिन लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी हासिल करना, समझना और उसका इस्तेमाल करना आसान था, उनमें तनाव का स्तर अपेक्षाकृत कम पाया गया।

शोधकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से एक से अधिक बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मदद करते समय स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की स्पष्टता और तनाव के प्रति उनकी संवेदनशीलता, दोनों बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए। पूर्वी फिनलैंड विश्वविद्यालय में शोधकर्ता और अध्ययन की लेखिका जिंग झोउ ने कहा- “एक साथ कई बीमारियों से जूझने का मतलब है कि लोगों को डॉक्टरों से मिलने के समय, दवाएं लेने की दिनचर्या और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से मिलने वाली जानकारी से निपटना पड़ता है। हमारे निष्कर्ष बताते हैं कि इन चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों के जीवन की गुणवत्ता पर विचार करते समय तनाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।”

शोधकर्ताओं ने 2024 में किए गए एक ऑनलाइन सर्वेक्षण के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसमें फिनलैंड के 19 से 79 वर्ष की आयु के 4,003 लोग शामिल थे। यह सर्वेक्षण विभिन्न आयु वर्गों के निर्धारित अनुपात के आधार पर किया गया था। प्रतिभागियों से पूछा गया कि क्या उन्हें उच्च रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल का बढ़ा हुआ स्तर, माइग्रेन और पीठ संबंधी समस्याओं सहित 21 दीर्घकालिक बीमारियों में से कोई बीमारी है। अध्ययन में कहा गया- ”तनाव और जीवन की गुणवत्ता के बीच संबंध पुरानी बीमारियों की संख्या के आधार पर अलग-अलग था और एक से अधिक पुरानी बीमारियों से जूझ रहे वयस्कों में यह सबसे मजबूत पाया गया।” शोधकर्ताओं ने कहा कि दो या इससे अधिक पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों में तनाव महसूस करने का स्तर एक समान बढ़ने पर जीवन की गुणवत्ता में गिरावट उन लोगों की तुलना में लगभग दोगुनी थी, जिन्हें कोई पुरानी बीमारी नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *