मनोरंजन

जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे कृतिका कामरा और गौरव कपूर, जानें कब 7 फेरे लेगा कपल

डेस्क: टीवी और ओटीटी की मशहूर एक्ट्रेस कृतिका कामरा ने जब दिसंबर में अपने रिश्ते को पब्लिक किया था, तभी से उनके फैंस खुशी से झूम उठे थे। अब इस कपल की लव स्टोरी को लेकर एक और बड़ी अपडेट सामने आई है। खबरों की मानें तो कृतिका कामरा और गौरव कपूर जल्द ही शादी के बंधन में बंधने की तैयारी कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, कृतिका और गौरव मार्च के आखिरी या अप्रैल की शुरुआत में शादी करने का मन बना रहे हैं। दोनों अपने रिश्ते को लेकर बेहद खुश हैं। फिलहाल शादी की तारीख को फाइनल करने के साथ-साथ बाकी जरूरी तैयारियों पर भी बातचीत चल रही है।

मुंबई में होगा शादी का आयोजन

इस कपल की शादी मुंबई में ही होने वाली है, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि शादी की रस्में सादगी भरी होंगी और पूरा फोकस फैमिली टाइम पर रहेगा। कृतिका और गौरव चाहते हैं कि उनका खास दिन निजी और बेहद खास रहे।

इंडस्ट्री दोस्तों के लिए होगा अलग जश्न

हालांकि शादी को इंटिमेट रखा जाएगा, लेकिन फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े दोस्तों के लिए एक शानदार रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। यह रिसेप्शन भी मुंबई में ही होगा, जहां कई जाने-माने सेलेब्स के शामिल होने की उम्मीद है।

इंस्टाग्राम पोस्ट से शुरू हुई थी प्यार की चर्चा

कृतिका और गौरव की लव स्टोरी उस वक्त चर्चा में आई जब दिसंबर में कृतिका ने इंस्टाग्राम पर दोनों की ब्रेकफास्ट डेट की तस्वीर शेयर की थी। इस पोस्ट पर पूजा गौर, अनुप सोनी, अंगद बेदी, नकुल मेहता और दृष्टि धामी जैसे कई सेलेब्स ने उन्हें बधाइयां दी थीं। इसके बाद दोनों ने नया साल जैसलमेर में साथ बिताया, जिससे उनके रिश्ते की खबरों को और मजबूती मिली।

अब फैंस को बस उस दिन का इंतजार है, जब कृतिका और गौरव अपनी शादी की तारीख का आधिकारिक ऐलान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *