अन्य

महाराष्ट्र में शुरू होंगी ‘राजमाता जिजाऊ’ बसें, मुंबई–पुणे समेत इन रूट्स पर मिलेगा आरामदायक सफर

मुंबई | महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए अपने बेड़े में एक नई और आधुनिक बस सेवा जोड़ने जा रहा है। ‘राजमाता जिजाऊ’ नाम से शुरू होने वाली ये बसें मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक जैसे प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ेंगी। इस पहल का मकसद भीड़भाड़ वाले रूट्स पर यात्रियों को खड़े होकर सफर करने की मजबूरी से राहत दिलाना है।
परिवहन मंत्री और एमएसआरटीसी के चेयरमैन प्रताप सरनाईक ने बताया कि इन नई बसों को मार्च 2026 से चरणबद्ध तरीके से राज्यभर में शुरू किया जाएगा। बसों का नाम हिंदवी स्वराज्य की प्रेरणास्रोत और छत्रपति शिवाजी महाराज की माता राजमाता जिजाऊ के सम्मान में रखा गया है।
आधुनिक लेआउट और ज्यादा सीटें
‘राजमाता जिजाऊ’ बसें 3×2 सीटिंग लेआउट के साथ आएंगी। जहां मौजूदा बसों में करीब 40 सीटें होती हैं, वहीं इन नई बसों में 55 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी। इससे अधिक यात्रियों को आराम से सीट मिल सकेगी, खासकर उन रूट्स पर जहां रोजाना भारी भीड़ रहती है।
यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं
नई बसों में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें आरामदायक रिक्लाइनर सीट्स, एसी, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स, एलईडी लाइटिंग और खानपान की व्यवस्था शामिल है। बसों का रंग नारंगी और सफेद होगा, जो महाराष्ट्र की संस्कृति और गौरव का प्रतीक माना जा रहा है।
भीड़भाड़ वाले रूट्स पर फोकस
फिलहाल एमएसआरटीसी की योजना है कि इस सेवा को उन शहरों और रूट्स पर प्राथमिकता दी जाए, जहां यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है। इससे न सिर्फ सफर ज्यादा आरामदायक होगा, बल्कि बस यात्रा की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वराज्य की सोच के पीछे राजमाता जिजाऊ की बड़ी भूमिका रही है, इसलिए उनके नाम पर यह बस सेवा शुरू करना गर्व की बात है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *