मुजफ्फरपुर (आई ए खान): जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने एक स्नातक के छात्र को गोली मार दी। घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान 18 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है। शिवम के पिता उमेश कुमार अर्धसैनिक बल एसएसबी में जवान हैं और इस समय अररिया जिले में तैनात हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि शिवम कुमार अपने दोस्त के बर्थडे की पार्टी में जा रहा था। इसी दौरान वह सुनसान जगह पर लीची गाछी के पास रुका, तभी बदमाशों ने पिस्टल सटाकर उसके पेट में गोली मार दी।
वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि वह होश में था और उसने खुद अपनी मां को फोन कर बताया कि उसके पेट में बहुत दर्द हो रहा है और जल्दी आने को कहा। इसके बाद परिजन और उसके दोस्त उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से गोली निकाली।
