दरभंगा

फ़ाईन आर्ट के कुशल प्राध्यापक गोपाल कुमार महतो का निधन

दरभंगा :  कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग में फाईन आर्ट विषय के कुशल सहायक प्राध्यापक डॉ गोपाल कुमार महतो के आकस्मिक निधन से पूरा विश्वविद्यालय परिवार शोकाकुल व मर्माहत है। स्थानीय अलीनगर, सुन्दरपुर निवासी श्री महतो 55 वर्ष के थे और 13 जून 2018 को उन्होंने विभाग में योगदान किया था। 21 सितम्बर की रात्रि वे दुनिया से चल बसे। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि फ़ाईन आर्ट विषय पर श्री महतो की मजबूत पकड़ थी और शिक्षा शास्त्र के छात्र उन्हें काफी सम्मान देते थे। पिछले आठ वर्षो से वे निरन्तर विभाग में अध्ययन-अध्यापन का कार्य बखूबी सम्पादित कर रहे थे।
वहीं, श्री महतो के निधन पर बुधवार को कुलपति प्रो. लक्ष्मीनिवास पांडेय की अध्यक्षता में शिक्षा शास्त्र विभाग में शोक सभा आयोजित की गई। शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए शिक्षा शास्त्र विभाग के निदेशक डॉ घनश्याम मिश्र ने उन्हें अत्यन्त सौम्य, मृदुभाषी, छात्रवत्सल तथा समाजोपयोगी व्यक्ति बताया। कहा कि उनके आकस्मिक निधन से विभाग एवं विश्वविद्यालय को काफी क्षति पहुँची है।
मृतात्मा की शान्ति के लिए शोक सभा मे दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजली दी गयी। मौके पर डीन प्रो पुरेन्द्र वारिक, एफ ए इंद्र कुमार, सीसीडीसी डॉ शिवलोचन झा, कुलसचिव डॉ दिनेश झा, एफओ डॉ पवन कुमार झा, परीक्षा नियंत्रक डॉ निहार रंजन सिंह, ओएसडी डॉ रामसेवक झा, वित्त समिति सदस्य पंकज मोहन झा समेत विभाग के सभी छात्र शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *