राष्ट्रीय

झारखंड : परिवार ने नाबालिग लड़की को तमिलनाडु में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया

डेस्क:झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को लातेहार जिला प्रशासन को तमिलनाडु में एक नाबालिग लड़की के कथित रूप से बंधक बनाए जाने की मीडिया रिपोर्ट का संज्ञान लेने का निर्देश दिया। परिवार के सदस्यों ने लड़की की जबरन शादी कराए जाने की आशंका जताई है। लड़की के परिवार ने लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को एक तहरीर देकर आरोप लगाया कि लातेहार सदर ब्लॉक के एक गांव की निवासी को तमिलनाडु में बंधक बनाकर रखा गया है और उसकी सुरक्षित रिहाई के लिए गुहार लगाई।

कुमार गौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने मामले का संज्ञान लिया है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गौरव ने कहा, ‘‘एक विशेष टीम मामले की जांच करेगी और लड़की को सुरक्षित वापस लाया जाएगा। पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के परिवार की शिकायत के अनुसार, लड़की कुछ दोस्तों के साथ तमिलनाडु में मजदूर के रूप में काम करने गई थी। इसके अनुसार लगभग 15 दिन पहले, जब वह घर लौटने की तैयारी कर रही थी और ट्रेन में सवार हुई थी, तब तिरुपुर स्टेशन पर उसे जबरन ट्रेन से उतार दिया गया और किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *